अमेरिका में औसतन प्रति 100 वयस्कों में से एक व्यक्ति जेल में बंद है। पियू सेंटर ने हाल ही में किए गए एक अध्ययन में बताया है कि पिछले साल अमेरिका की जेलों में बंद कैदियों की संख्या करीब 23 लाख थी जबकि देश में वयस्कों की आबादी 23 करोड़ है। अध्ययन के अनुसार देश में औसतन प्रति 100 वयस्कों में से एक व्यक्ति जेल में बंद है। यह भी कहा गया है कि चीन की आबादी एक अरब है और वहाँ कैदियों की संख्या 10.5 लाख है। कैदियों के मामले में चीन का दूसरा और रूस का तीसरा स्थान है जहाँ 890000 कैदी हैं।
संदेह के आधार पर जेल में बंद कैदियों की संख्या भी अमेरिका में दक्षिण अफ्रीका और ईरान जैसे देशों में बंद कैदियों से अधिक है।
वाशिंगटन स्थित अध्ययन समूह पियू ने वर्ष 2006 के न्याय विभाग के आँकड़ों के आधार पर तैयार अपनी रिपोर्ट में बताया है कि जर्मनी में प्रति एक लाख व्यक्तियों में से 93 व्यक्ति जेल में हैं। इनमें बच्चे भी शामिल हैं। जबकि अमेरिका में यह दर आठ गुना अधिक यानी प्रति एक लाख व्यक्तियों में 750 है।
अल्पसंख्यकों के मामले में ये आँकड़े और अधिक चौंकाने वाले हैं। प्रति 106 अल्पसंख्यक वयस्कों में से एक व्यक्ति जेल में है। प्रति 36 हिस्पैनिक्स (स्पैनिश भाषी आदिवासी) में से एक प्रति 15 अफ्रीकी अमेरिकियों में से एक व्यक्ति जेल में है।
अश्वेत युवाओं के मामले में देखें तो 20 साल से 34 साल की उम्र वाले प्रति नौ अफ्रीकी अमेरिकियों में से एक व्यक्ति जेल में है।
अध्ययन में कहा गया है कि महिलाओं की तुलना में पुरुषों के जेल में बंद होने की आशंका 10 गुना अधिक होती है।
|