ऑस्ट्रेलिया की महिला पत्रिका 'न्यू आइडिया' ने आज कहा कि उसने ब्रिटिश राजकुमार हैरी के अफगानिस्तान में होने की खबरों पर रोक संबंधी मीडिया सहमति 'इम्बार्गों' को जानबूझकर नहीं तोड़ा है और मीडिया में इन खबरों के जारी होने की भी उसे जानकारी नहीं थी। ब्रिटिश राजसिंहासन की कतार पर तीसरे नंबर पर माने जाने वाले राजकुमार हैरी दक्षिणी हेलमंड क्षेत्र में तालिबानी गुरिल्लाओं के साथ लड़ाई में आगे हैं। इस तरह की खबर ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय की पुष्टि के बाद दुनियाभर में फैल गई।
सात जनवरी की इस रिपोर्ट पर एक संक्षिप्त नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन एक अमेरिकी वेबसाइट ने इसे इंटरनेट पर जारी किया जिससे ब्रिटिश मीडिया में भी यह खबर फैल गई।
रिपोर्ट के अनुसार खबर पर रोक संबंधी सहमति इम्बार्गों को सबसे पहले 'न्यू आइडिया' और जर्मन समाचार पत्र 'बिल्ड' ने तोड़ा। सेलिब्रिटी, गपशप, रेसिपी और लाइफ स्टाइल के लेखों के साथ ही ब्रिटिश राजपरिवार के बारे में विस्तार से खबरें प्रकाशित करने वाली पत्रिका 'न्यू आइडिया' ने यह बताने से इनकार किया कि उसने किस तरह से उक्त खबरों को हासिल किया।
साथ ही पत्रिका ने कहा कि राजकुमार हैरी के अफगानिस्तान में होने संबंधी खबरों को गुप्त रखने की प्रेस सहमति तोड़ने का उसका कोई इरादा नहीं था। एक वक्तव्य में पत्रिका ने कहा है कि पत्रिका में प्रेस इम्बार्गो नहीं तोड़ा और न ही मीडिया में इन खबरों के जारी होने की जानकारी थी।
हम इस मामले को गंभीरता से ले रहे हैं और जानबूझकर कोई इम्बार्गों नहीं तोड़ा गया है। अमेरिका में इस तरह की खबरों के फैलने के लिए यदि पत्रिका का कोई अंक जिम्मेदार है तो हम माफी चाहते हैं।
|