पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो को शुक्रवार को लरकाना में उनके पैतृक गाँव गढ़ी खुदा बख्श में पुश्तैनी कब्रगाह में पिता जुल्फिकार अली भुट्टो की कब्र के बगल में ही सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
इस मौके पर श्रीमती भुट्टो के हजारों समर्थकों ने अपनी प्रिय नेता को नम आँखों के साथ अंतिम विदाई दी। सफेद रंग की कार पर उनके पार्थिव शरीर को जिस ताबूत में रखा गया था उसे पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (पीपीपी) के हरे और काले रंग के झंडे से लपेटा गया था।
श्रीमती बेनजीर की अंतिम यात्रा दक्षिणी पाकिस्तान के ग्रामीण इलाके में स्थित उनके पैतृक घर नौदेरो से स्थानीय समयानुसार दिन में ढाई बजे शुरू हुई। सैकड़ों वाहनों के काफिले और हजारों लोगों के हुजूम के साथ चल रहे इस कारवाँ में लोगों का गम छिपाए नहीं छिपता था। मंजर इतना गमगीन था कि लोग छाती पीटकर इस तरह मातम मना रहे थे जैसे उनकी अपनी ही बेटी की अंतिम यात्रा हो।
अंतिम यात्रा के साथ चल रही भीड़ में श्रीमती भुट्टो की कल एक आत्मघाती हमले में की गई हत्या के प्रति आक्रोश साफ देखा जा सकता था। करिश्माई शख्सियत वाली नेता के निधन पर रोते-बिलखते लोग राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ को हत्या का दोषी बताते हुए उनके खिलाफ नारे लगा रहे थे।
इसके पहले मौलवियों ने श्रीमती बेनजीर की रूह को जन्नत नसीब होने की अल्लाह से दुआ के लिए उनका जनाजा निकलने से पहले 'नमाज-ए-जनाजा' का पाठ किया। मुख्य मौलवी हाफिज हाकिम अली माँगी द्वारा धार्मिक अनुष्ठान करते समय भुट्टो परिवार के सदस्य, करीबी रिश्तेदार और पीपीपी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
श्रीमती बेनजीर की शव यात्रा में ताबूत के साथ चल रहे उनके शौहर आसिफ अली जरदारी, तीनों बच्चे बिलावल, बख्तावर तथा असीफा के आँसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को भी अंतिम यात्रा में शामिल होना था, लेकिन जरदारी ने सुरक्षा कारणों के मद्देनजर उनसे अपना कार्यक्रम रद्द करने का अनुरोध किया। अंतिम क्षणों में शरीफ ने अंतिम यात्रा में शामिल होने का इरादा बदल दिया।
गौरतलब है कि कल रावलपिंडी में एक चुनावी सभा में हिस्सा लेकर लौट रही श्रीमती बेनजीर की आत्मघाती हमले में मौत हो गई थी। इस हमले में तीस लोगों की मौत हो गई थी और 50 अन्य घायल हुए थे। इसके बाद पूरे देश में हिंसा और आगजनी की घटनाएँ शुरू हो गईं और इनका सिलसिला आज भी जारी रहा।
बेनजीर भुट्टो से संबद्ध खबरों के लिए क्लिक करें
|