पाकिस्तान की चर्चित मानवाधिकार कार्यकर्ता और वहाँ की मुखर आवाज मानी जाने वाली सुश्री आसमाँ जहाँगीर ने गुरुवार को आरोप लगाया कि बेनजीर भुट्टो की हत्या में सेना का हाथ है।
सुश्री जहाँगीर ने भारत के एक टेलीविजन चैनल के साथ बातचीत में सुबक-सुबक कर कहा कि यहाँ का हर इंसान यही कह रहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की नेता को सेना ने ही मारा है। यह पूछने पर कि क्या इस घड़ी में आप पाकिस्तान की नुमाइंदगी के लिए आगे आएँगी सुश्री जहाँगीर ने कहा कि पाकिस्तान के लोग सेना के आगे लाचार हो गए हैं।
सुश्री जहाँगीर ने कहा कि हम तो बस रियाया हैं। यहाँ किसी का जोर नहीं चलता। मानवाधिकार कार्यकर्ता का इशारा राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ और उनके इशारे पर चलने वाली सेना के सामने पाकिस्तानी जनता की बेबसी की ओर था।
|