टेलीनार पूँजी व्यय में करेगी 3500 करोड़ रुपए की बचत
नई दिल्ली, नार्वे की मोबाइल कंपनी टेलीनार ने आज कहा कि वह उपकरणों की लागत में कमी के सहारे भारत में अपने मोबाइल नेटवर्क के विस्तार पर प्रस्तावित 15,500 करोड़ रुपए के पूँजीव्यय में अगले पाँच साल के दौरान 3,500 करोड़ रुपए की कटौती करेगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा ‘योजना समयबद्ध तरीके से लागू होने और उपकरण निर्माताओं से बेहतर शर्तों सामान मिलने के कारण पूँजीव्यय की जरूरत कम हो जाएगी। पहले पाँच साल में पूँजीव्यय में करीब 30 से 36 अरब रुपए की कमी आएगी। इससे पहले करीब 155 अरब रुपए (15,500 करोड़ रुपए) के खर्च का अनुमान था जो अब कम होगा।’
प्रमुख मोबाइल कंपनी टेलेनार भारत में भू सम्पत्ति कंपनी यूनिटेक समूह की यूनिटेक वायरलेस के साथ मोबाइल सेवा प्रदान करने का संयुक्त उद्यम बनाया है। कंपनी ने भारत में अपने सभी लक्ष्यों को पूरा करने की बात कही है।
टेलीनार इस साल भारत में अपनी सेवा शुरू करने वाली है। यूनिटेक वायरलेस में टेलेनार में टेलीनार की हिस्सेदारी 67.25 फीसद है जिसे उसने 6, 120 करोड़ रुपए में खरीदा है। (भाषा)