एक समान लाइसेंस शुल्क के लिए ट्राई के विचार लेगा डॉट
नई दिल्ली, शुरुआत में आनाकानी के बाद अब दूरसंचार विभाग (डॉट) ने एक समान लाइसेंस शुल्क के प्रस्ताव के लिए ट्राई की सिफारिशों माँगने का फैसला किया है।
डॉट सालाना सकल राजस्व (एजीआर) पर एक समान 8.5 प्रतिशत का लाइसेंस शुल्क लगाने पर विचार कर रहा है। यह शुल्क सभी तरह की सेवाओं मसलन यूनिफाइड एक्सेस, राष्ट्रीय लंबी दूरी की काल सेवा तथा अंतरराष्ट्रीय लंबी दूरी की काल सेवाओं पर एक समान होगा।
इस मामले से जुड़े आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि हम वर्तमान शुल्क ढाँचे की खामियों को दूर करने ट्राई की सिफारिशें माँग सकते हैं। इसके साथ सरकार के राजस्व तथा देश के दूरसंचार क्षेत्र के विकास का भी ध्यान रखा जाएगा।
दूरसंचार उद्योग विभिन्न क्षेत्रों में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने के लिए एक समान लाइसेंस शुल्क की माँग कर रहा है। यह बात भी देखने में आई है कि ऑपरेटर उन सेवाओं में अपनी आय स्थानांतरित कर रहे हैं, जहाँ लाइसेंस शुल्क की दर कम है।
ट्राई ने इस बारे में सितंबर में डॉट को पत्र लिखा था। ट्राई ने पत्र में कहा था कि उसे उम्मीद है कि इस बारे में फैसला लेने से पहले डाट उससे विचार-विमर्श करेगा।
ट्राई ने कहा था कि इस प्रस्ताव का प्रभाव समूचे दूरसंचार क्षेत्र के लिए काफी व्यापक होगा।