नई दिल्ली, सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी महानगर टेलीफोन निगम लि. (एमटीएनएल) ने कहा है कि वह मुंबई में 109 रुपए में नया 3जी प्रीपेड कनेक्शन उपलब्ध कराएगी।
कंपनी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मुंबई क्षेत्र के लोग लाइफटाइम की वैधता के साथ नई 3जी दर का कनेक्शन ले सकेंगे। ग्राहकों से कंपनी के ही स्थानीय नेटवर्क पर वायस और वीडियो कॉल के लिए 20 पैसे प्रति मिनट का शुल्क लिया जाएगा, जबकि अन्य लोकल नेटवर्क के लिए शुल्क की दर 50 पैसे प्रति मिनट होगी।
तीसरी पीढ़ी या 3जी टेक्नोलॉजी के तहत तेज गति के इंटरनेट एक्सेस के अलावा गानें, फिल्म क्लिप और डाटा जैसे कंटेंट को डाउनलोड किया जा सकता है। दिल्ली और मुंबई में परिचालन करने वाली एमटीएनएल ‘जादू’ ब्रांड के तहत 3जी सेवाएँ मुहैया करा रही है।
कंपनी ने कहा है कि नए कनेक्शन के साथ 25 मिनट की वीडियो कॉल, 25 एमबी का डाटा इस्तेमाल तथा 25 रुपए का टॉक टाइम दिया जाएगा। एसटीडी वायस और वीडियो काल की दर 75 पैसे प्रति मिनट होगी।