दो वर्षों में 30,000 ब्रॉडबैंड कियोस्क लगाएगी बीएसएनएल
नई दिल्ली, सार्वजनिक क्षेत्र की बीएसएनएल अगले दो वर्षों में फ्रैंचाइजी आधार पर ग्रामीण एवं सुदूर अंचलों में 30,000 ब्रॉडबैंड कियोस्क स्थापित करेगी।
बीएसएनएल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘हमारा लक्ष्य दो वर्षों में देशभर में करीब 30,000 ब्रॉडबैंड कियोस्क लगाने का है। हम ग्रामीण इलाकों में फ्रैंचाइजी के जरिए कियोस्क स्थापित करेंगे।’ उसने कहा कि इन कियोस्क के जरिए उन लोगों तक ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी पहुँचाई जा सकेगी जिनके पास वर्तमान में कोई विकल्प नहीं है और वे ऐसी सेवाओं पर अधिक खर्च करने की स्थिति में नहीं हैं।
बीएसएनएल देश में ब्राडबैंड इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराने वाली सबसे बड़ी कंपनी है और उसके ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या 39 लाख है। कंपनी ने इस साल वायरलेस आधारित ब्रॉडबैंड सेवा शुरू करने की भी योजना बनाई है।