एप्पल ने एक साल में 2,300 पूर्णकालिक कर्मचारियों की नियुक्ति की
न्यूयार्क, टेक्नोलॉजी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एप्पल के पूर्णकालिक कर्मचारियों की संख्या सितंबर, 2009 को समाप्त वर्ष के दौरान 2,300 की बढ़ोतरी के साथ 34,300 पर पहुँच गई। कंपनी ने ये नियुक्तियाँ ऐसे दौर में की हैं जब दुनिया भर की कंपनियाँ वैश्विक वित्तीय संकट के मद्देनजर अपने कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाने में लगी थीं।
कंपनी की सालाना रपट के अनुसार, सितंबर 2009 को उसके पूर्णकालिक कर्मचारियों की संख्या 34,300 थी जबकि इस दौरान 2,500 अस्थायी कर्मचारी और ठेकेदार शामिल थे।
सितंबर, 2008 को समाप्त वर्ष के दौरान कंपनी के पूर्णकालिक कर्मचारियों की संख्या 32,000 थी, जबकि उसके अस्थायी कर्मचारियों और ठेकेदारों की संख्या 3,100 थी।
एप्पल के सभी कर्मचारियों की संख्या 26 सितंबर, 2009 की स्थिति के अनुसार 36,800 थी, जबकि पिछले साल इस अवधि के दौरान कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या 35,100 थी।
संकट वाली आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद सितंबर, 2009 को समाप्त वर्ष के दौरान एप्पल की शुद्ध बिक्री 12 प्रतिशत बढ़कर 36.5 अरब डॉलर पर पहुँच गई। आईफोन तथा मैक कंप्यूटरों की बिक्री में तेजी की वजह से कंपनी की बिक्री में इजाफा हुआ है। इस दौरान कंपनी का मुनाफा बढ़कर 5.7 अरब डॉलर पर पहुँच गया।