भारत-बांग्लादेश सीमा पर 10 टावर खड़े करेगी बीएसएनएल
शिलांग, सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल ने अपने नेटवर्क को मजबूत करने के लिए मेघालय में भारत.बांग्लादेश सीमा पर कम से कम 10 टावर खड़े करेगी।
शनिवार को शिलांग में थ्रीजी मोबाइल सेवाएँ लॉन्च करते हुए कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक (पूर्वोत्तर क्षेत्र) विनोद कुमार ने कहा कि इससे पहले अंतरराष्ट्रीय सीमा से 10 किलोमीटर के दायरे में टावर खड़ा करने की मनाही थी।
अब गृह मंत्रालय ने प्रतिबंध का दायरा घटाकर केवल 500 मीटर कर दिया है। नए टावर एक साल के भीतर खड़ा किए जाने की संभावना है।
बीएसएनएल की सेवाएँ खराब होने की वजह से सीमा से सटे इलाकों में ज्यादातर लोग बांग्ला ग्रामीण मोबाइल कंपनी की सेवाएँ लेते हैं। हालाँकि बाद में मेघालय में भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे कारोबारी केन्द्र द्वाकी, शेला, महेन्द्रगंज और बाघमारा को बीएसएनएल के नेटवर्क के दायरे में ला दिया गया।