मुंबई, प्रस्तावित दर नियमन के कारण कंपनियों के मुनाफे पर असर पड़ने की आशंका से आज दूरसंचार कंपनियों के शेयर नीचे आ गए। वहीं, दूरसंचार क्षेत्र की प्रमुख कंपनी भारतीय एयरटेल ने नियामक से सवाल किया है कि यदि वह दूरसंचार दरों को ‘तय’ करना चाहता है, तो उसे कंपनियों का रिटर्न भी सुनिश्चित करना होगा।
आज भारती का शेयर 12 प्रतिशत की गिरावट के साथ साल के सबसे निचले स्तर 349.65 रुपये पर आ गया। दूरसंचार नियामक ट्राई ने कल कहा था कि वह ऑपरेटरों से ग्राहकों से प्रति सेकंड के हिसाब से शुल्क लेने को कहेगा। उद्योग का मानना है कि इससे ऑपरेटरों की आमदनी प्रभावित होगी।
रिलायंस कम्युनिकेशंस का शेयर भी आज बीएसई में एक समय 12 प्रतिशत गिरकर 262.30 रुपए पर आ गया था। हालाँकि, बाद में रिलायंस कम्युनिकेशंस का शेयर 10.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 268.25 रुपए पर बंद हुआ।
भारती एयरटेल के प्रमुख सुनील मित्तल ने आज जिनीवा में कहा कि यदि नियामक दरों को इस तरह तय करना चाहता है, तो उसे ऑपरेटरों का रिटर्न भी सुनिश्चित करना चाहिए। रिलायंस कम्युनिकेशंस ने कल अपनी सभी कॉल दरों को घटाकर 50 पैसे प्रति मिनट करने की घोषणा की थी। इससे पहले टाटा डोकोमो अपने ग्राहकों के लिए एक पैसा एक सेकंड योजना की घोषणा कर चुकी है।