देश की मोबाइल टेलीफोन सेवा वर्ग की अग्रणी कंपनी भारती एयरटेल ने समाप्त हुए वित्त वर्ष के लिए, बाजार उम्मीदों से बेहतर परिणाम घोषित करते हुए कहा है कि वर्ष 2008-09 में विस्तार पर 380 करोड़ डॉलर का निवेश किया जाएगा।
कंपनी ने समाप्त हुए वित्तवर्ष की अंतिम तिमाही में 1853 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ कमाया जो पिछले साल के 1353 करोड़ रुपए की तुलना में 37 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान कंपनी को होने वाली कुल आय 45 प्रतिशत बढ़कर 5393 करोड़ रुपए से 7819 करोड़ रुपए पर पहुँच गई।
समाप्त वित्त वर्ष में कंपनी को कुल आय में 46 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। यह राशि 18520 करोड़ रुपए से 27025 करोड़ रुपए हो गई। शुद्ध लाभ 57 प्रतिशत वृद्धि से 4257 करोड़ से 6701 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी के मुख्य वित्तीय अधिकारी सर्वजीत ढिल्लो ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि चालू वित्त वर्ष में 340 करोड़ डॉलर का निवेश किया जाएगा।
बाजार हिस्सेदारी बढ़ी
समाप्त वित्त वर्ष में अपने साथ 6 करोड़ 40 लाख ग्राहक जोड़ने वाली भारती ने कहा है कि जनवरी-मार्च 08 के दौरान उसके 68 लाख उपभोक्ता बने। कंपनी का बाजार हिस्सा पिछले साल के 22.4 से बढ़कर 23.8 प्रतिशत पर पहुँच गया। चौथी तिमाही में प्रति उपभोक्ता औसतन आय 406 रुपए से घटकर 357 रुपए रह गई। हालाँकि इस दौरान प्रति उपभोक्ता इस्तेमाल किया जाने वाला समय 7 प्रतिशत बढ़कर 507 मिनट हो गया।
दूरसंचार क्रांति का दूसरा दौर
भारती के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सुनील भारती मित्तल ने शानदार परिणामों पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि देश में दूरसंचार की क्रांति अब दूसरे दौर में प्रवेश कर गई है, जहाँ उसकी विकास गति ग्रामीण क्षेत्रों से आएगी। कंपनी के संयुक्त प्रबंध निदेशक अखिल गुप्ता ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका की एमटीएन के साथ कोई बातचीत नहीं चल रही है।
|