देश की सॉफ्टवेयर निर्यात करने वाली चौथी बड़ी कंपनी सत्यम कम्प्यूटर सर्विसेज लिमिटेड ने बेल्जियम की एसएंडवी मैनजमेंट कंसल्टेंट्स को 3 करोड़ 55 लाख डॉलर में खरीदा है।
कंपनी ने वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के परिणाम भी घोषित किए हैं, जिसमें शुद्ध मुनाफा बाजार उम्मीदों के अनुरूप नहीं माना जा रहा है। कंपनी का शुद्ध लाभ 18.5 प्रतिशत पहले के 394 करोड़ रुपए से 467 करोड़ रुपए पर पहुँच गया है।
सत्यम के अनुसार बेल्जियम की कंपनी को खरीदने का सौदा पूरी तरह नकद में हुआ है। सत्यम ने निर्माण उपकरण बनाने वाली कैटरपिलर की बाजार अनुसंधान एवं उपभोक्ता विशलेषण परिचालन को 6 करोड़ डॉलर में खरीदा है। यह सौदा भी कंपनी ने नकद में किया है।
चालू वित्त वर्ष के संबंध में कंपनी ने कहा है कि मार्जिन कमोबेश स्थिर अथवा आधा प्रतिशत तक घट सकता है। कंपनी के वैश्विक निवेशक कारोबार के प्रमुख तान मूर्ति ने कहा है कि अधिकतर कर्मचारियों के वेतन में 12 से 14 प्रतिशत बढ़ोतरी से उसके मार्जिन पर असर पड़ सकता है। चालू वित्त वर्ष के लिए कंपनी ने 23.9 से 25.9 प्रतिशत तक कारोबार बढ़ने की उम्मीद जताई है। प्रति शेयर आय में 17 से 19 प्रतिशत तक वृद्धि का अनुमान है।
|