देश की चौथी सबसे बड़ी सॉफ्टवेयर निर्यातक कंपनी सत्यम कम्प्यूटर सर्विसेस लिमिटेड ने अमेरिका की भवन निर्माण से संबद्ध उपकरण बनाने वाली कैटरपीलर इंक के विपणन अनुसंधान एवं ग्राहक विश्लेषण अभियानों को 6 करोड़ डॉलर में खरीद लिया है।
सत्यम ने एक बयान में बताया कि यह सौदा नकद किया गया। बयान के अनुसार कंपनी कैटरपीलर और विभिन्न उद्योगों में इसके ग्राहकों के लिए विश्व स्तर पर एमआर एंड सीए सोल्युशंस और अन्य सेवाएँ उपलब्ध कराएगी।
कैटरपीलर विश्व की प्रमुख कंपनी है जो भवन निर्माण, खदान उद्योग के उपकरण, डीजल और प्राकृतिक गैस आधारित इंजन और गैस टरबाइन बनाती है। कैटरपीलर के ग्राहकों के लिए सत्यम कंपनी भारत, योरप, उत्तरी अमेरिका, लैटिन अमेरिका और एशिया प्रशांत क्षेत्र में विशेष केंद्रों की स्थापना करेगी।
|