डॉलर के मुकाबले रुपए की मजबूती से बेफिक्र देश की सूचना प्रौद्योगिकी निर्यात करने वाली दूसरी बड़ी कंपनी इन्फोसिस टेक्नोलॉजीस ने बाजार उम्मीदों के अनुरूप समाप्त हुए वित्त वर्ष में शुद्ध लाभ और कारोबार में बीस प्रतिशत से अधिक बढ़ोतरी हासिल की है।
कंपनी का कारोबार 2007-08 में 20.1 प्रतिशत बढ़कर 16 हजार 692 करोड़ रुपए पर पहुँच गया। 1 वर्ष के दौरान शुद्ध लाभ 20.8 प्रतिशत बढ़कर 4 हजार 659 करोड़ रुपए पर पहुँच गया।
इन्फोसिस टेक्नोलॉजीस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक एस. गोपालकृष्णन ने वर्ष के परिणाम घोषित करते हुए उम्मीद जताई है कि चालू वित्त वर्ष में उसका कारोबार पाँच अरब डॉलर को छू जाएगा। समाप्त हुए वित्त वर्ष में कंपनी की आय 20.4 प्रतिशत बढ़कर 4 हजार 542 करोड़ रुपए और शुद्ध लाभ 9.2 प्रतिशत की बढ़ोतरी से 1 हजार 249 करोड़ रुपए पर पहुँच गया है।
उन्होंने कहा कि कंपनी के वैश्विक डिलीवरी मॉडल के परिणामस्वरुप तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद शानदार परिणाम हासिल करने में मदद मिली है। उन्होंने विश्वास जताया कि आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद कंपनी मध्य और दीर्घकालिक लिहाज से अपना कारोबार बढ़ाने में सफल होगी।
|