टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज 'टीसीएस' का हैदराबाद में दूसरा ग्लोबल डिलीवरी सेंटर जीडीएस आरंभ हो गया है। इस केन्द्र से कंपनी विदेशी ग्राहकों को सेवा प्रदान करेगी।
हैदराबाद के गाचीबावली में स्थित इस 'सिनर्जी पार्क' का उद्घाटन आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. वाइ.एस. राजशेखर रेड्डी ने किया। करीब 50 एकड़ क्षेत्र में फैला यह सिनर्जी पार्क हैदराबाद में टीसीएस का दूसरा परिसर है। इसमें 8000 लोग काम कर सकेंगे। इसे दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरे चरण का निर्माण कार्य इसी वर्ष अप्रैल में शुरू होगा।
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक जी. रामादोरई ने बताया कि सिनर्जी पार्क को विशेष आर्थिक क्षेत्र 'एसईजेड' की मान्यता है। टीसीएस ने हैदराबाद में पहला केन्द्र 1979 में खोला था जहाँ करीब 6 हजार कर्मचारी काम कर रहे हैं1
|