अग्रणी सॉफ्टवेयर कंपनी इन्फोसिस टेक्नोलॉजिस लिमिटिड का कहना है कि अमेरिका में चल रही मंदी का उसके कारोबार पर खास असर नहीं पड़ रहा है। इन्फोसिस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस. गोपालकृष्णन ने यहाँ रायटर्स के निवेश सम्मेलन में कहा कि कंपनी वित्तीय क्षेत्र से नए-नए ग्राहक जोड़ती जा रही है इसलिए अमेरिकी अर्थव्यवस्था में चल रही मंदी का उसके व्यवसाय पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है।
गोपालकृष्णन ने कहा कि जो थोड़ा बहुत असर पड़ भी रहा है, उसकी भरपाई नए कारोबार और नए अवसरों से हो रही है।उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने में इन्फोसिस ने वित्तीय क्षेत्र से नए ग्राहक बनाए हैं और नई परियोजनाएँ शुरु की जा रही हैं।
देश की साफ्टवेयर कंपनियों का आधे से ज्यादा राजस्व अमेरिका से आता है। विश्लेषकों को आशंका है कि अमेरिका में मंदी के असर से भारतीय सॉफ्टवेयर कंपनियाँ प्रभावित हो सकती हैं।
|