भारत के तेजी से विकसित होते दूरसंचार बाजार में इस वर्ष अक्टूबर माह तक टेलीफोन ग्राहकों की कुल संख्या 25 करोड़ को पार कर गई है। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) द्वारा जारी आँकड़ों के अनुसार अक्टूबर माह में 78 लाख 90 हजार नए टेलीफोन ग्राहक बने। इसके साथ ही अक्टूबर तक टेलीफोन ग्राहकों की कुल संख्या 25 करोड़ 65 लाख 50 हजार हो गई है। दिसम्बर 2007 तक के लिए निर्धारित लक्ष्य अक्टूबर में ही पूरा हो गया है।
इस वर्ष सितम्बर में 76 लाख 40 हजार ग्राहक जुड़े थे। अक्टूबर में टेलीघनत्व 22.52 प्रश हो गया है अर्थात् प्रत्येक सौ में से इतने लोगों के पास टेलीफोन कनेक्शन हैं। सितम्बर में टेलीफोन घनत्व 21.85 प्रश था। वायरलेस फोन ग्राहकों की संख्या में अक्टूबर में 80.50 लाख की बढ़ोतरी हुई, जबकि इससे एक माह पहले 78.0 लाख का इजाफा हुआ था।
इनकी कुल संख्या अक्टूबर तक 21 करोड़ 71 लाख 40 हजार पर पहुँच गई है। इनमें जीएसएम, सीडीएमए और डब्ल्यूएलएल फोन शामिल हैं। फिक्स टेलीफोन ग्राहकों की संख्या सितम्बर के 3 करोड़ 95 लाख 80 हजार से घटकर अक्टूबर में 3 करोड़ 94 लाख 10 हजार रह गई है।
|