मोबाइल सिम, नया फोन कनेक्शन, आईटीसी कार्ड और रिचार्ज वाउचरों के लिए लोगों को अब बीएसएनएल दफ्तरों के चक्कर नहीं काटना प़ड़ेंगे। ये सब सुविधाएँ शीघ्र ही डाकघरों में मिलेंगी। इसके लिए विश्व डाक दिवस पर मंगलवार को विभाग और बीएसएनएल के बीच करार हुआ है। अब मध्यप्रदेश डाकघरों से दूरसंचार सेवाएँ बेचने वाला देश पहला राज्य बन गया है।
डाकघर प्रवर अधीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि इस अनुबंध में सबसे ज्यादा फायदा ग्रामीण क्षेत्रों को होगा। खास यह है िक यहाँ बीएसएनएल के उपभोक्ताओं को अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा। अक्टूबर अंत तक लोगों को ये सुविधाएँ मिलने लगेंगी। करार पर परिमंडल की मुख्य पोस्टमास्टर जनरल मधु नारायण और बीएसएनएल के मुख्य महाप्रबंधक श्री आरकेपी हिन्दुजा ने हस्ताक्षर किए।
डाकघरों में रेल टिकट भी
कुमार ने बताया कि जल्द ही लोगों को रेलवे स्टेशनों की लंबी लाइनों से छुटकारा मिल जाएगा। विभाग डाकघरों से रेल टिकट बेचने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विभाग ने प्रस्ताव तैयार कर संचार मंत्रालय को भेजा है।
मुनाफा बढ़ा
निजी कोरियर कंपनियों से प्रतिस्पर्धा में डाक विभाग आगे निकल गया है। भोपाल संभाग ने पिछले वित्त वर्ष में 6 करो़ड़ रुपए का मुनाफा कमाया है।
इसमें 1 करोड़ 25 लाख रु. स्पीड पोस्ट, 2 करोड़ 50 लाख रु. बिजनेस पोस्ट और शेष अन्य उत्पादों से कमाए गए। इस वर्ष अप्रैल से अक्टूबर तक डाकघर 3 करोड़ 52 लाख रु. की कमाई कर चुका है।
|