नैनो टेक्नोलॉजी ने इन नन्हे अणु और परमाणुओं के साथ हमारे रिश्तों में बदलाव ला दिया है। कम कीमत और कम मेहनत में उच्च गुणवत्ता इस तकनीक से ही सम्भव है। सूचना प्रौद्योगिकी और कम्प्यूटर, भवन-निर्माण सामग्री, वस्त्र उद्योग, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूर-संचार, घरेलू उपकरण, काग़ज़ और पैकिंग उद्योग, आहार, वैज्ञानिक उपकरण, चिकित्सा और स्वास्थ्य, खेल जगत, ऑटोमोबाइल्स, अंतरिक्ष विज्ञान, कॉस्मेटिक्स तथा अनुसन्धान और विकास जैसे अनेक क्षेत्र हैं जहाँ नैनोटेक्नोलॉजी ने धूम मचा दी है। इसने हमें दीर्घकालिक, साफ-स्वच्छ, सुरक्षित, सस्ते और इको-फ्रेंडली उत्पाद उपलब्ध करवाए हैं। नैनोमटैरियल, नैनोबॉट्स, नैनोपावडर, नैनोट्यूब्स, नैनोअसेम्ब्लर्स, नैनोरेप्लिकेटर्स, नैनोमशीन और नैनोफैक्टरी ये तो बस कुछ नाम ही हैं जिन्होंने मानव की अखंड ऊर्जा और असीम क्षमता को एक बिन्दु पर लाकर एकत्रित कर दिया है। जब ऊर्जा और क्षमता का अपव्यय गौण हो जाए और ध्यान केवल लक्ष्य पर हो, तो परिणाम हमेशा ही अद्भुत होते हैं।
आइए अब नैनोटेक्नोलॉजी के कुछ हैरतअंगेज़ अनुप्रयोगों के बारे में भी बात कर लेते हैं। नैनोविज्ञान के उपयोग और अनुप्रयोगों को सूचीबद्ध करना थोड़ा मुश्किल काम है क्योंकि दुनिया का शायद ही कोई क्षेत्र इससे अछूता रहा हो। बायो-मेडिकल अनुसंधान में तो नैनोमेडिसीन ने जैसे करिश्मा कर दिखाया है और इस करिश्मे के पीछे हैं छोटे-छोटे नैनोपार्टिकल्स। इन पार्टिकल्स का आकार कोशिका की अंदरूनी संरचनाओं यहाँ तक कि जैव-अणुओं से भी छोटा होता है। कोशिकाओं में ये पार्टिकल्स बड़े आराम से, बेरोक-टोक घूम-फिर सकते हैं। यही कारण है कि इनका उपयोग नैदानिक और विश्लेषणात्मक उपकरणों, इन-विट्रो (प्रयोगशाला में) और इन-वाइवो (जीवित कोशिका में) अनुसन्धानों, भौतिक व जैविक उपचारों, ऊतक अभियांत्रिकी, ड्रग-डिलीवरी और नैनोसर्जरी में बड़े पैमाने पर किया जाता है। नैनोपोरस पदार्थ दवाई के छोटे-छोटे अणुओं को सीधे बीमार कोशिकाओं तक पहुँचाते हैं। नतीजतन दवाइयों के खर्च और साइड इफ़ेक्ट से राहत मिलती है, रोगी जल्द ही भला-चंगा हो जाता है और अन्य स्वस्थ कोशिकाएँ दवाइयों से अप्रभावित रहती हैं। | | नैनोपोरस पदार्थ दवाई के छोटे-छोटे अणुओं को सीधे बीमार कोशिकाओं तक पहुँचाते हैं। नतीजतन दवाइयों के खर्च और साइड इफ़ेक्ट से राहत मिलती है... |
| |
खाद्य सामग्री निर्माण, संसाधन, सुरक्षा और डिब्बाबंदी का प्रत्येक चरण नैनोटेक्नोलॉजी के बिना अधूरा है। सूक्ष्मजीव प्रतिरोधक लेप (नैनोपेंट) भोजन को लम्बे समय तक खराब होने से बचाते हैं। भोजन में होने वाले जैविक और रासायनिक परिवर्तनों की पहचान और उपचार अब बहुत आसानी से किया जा सकता है। आसानी से साफ होने वाले तथा ख़रोंच प्रतिरोधी नैनोकोटिंग सिरेमिक एवं काँच आज की पीढ़ी की पहली पसंद बन गए हैं। जंग से बचाव के उद्देश्य से बनाए गए नैनोसिरेमिक सुरक्षा उपकरण उद्योगों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। पौधों की पोषक पदार्थ ग्राहक क्षमता बढ़ाने वाले और रोगों से बचाने वाले नैनोप्रोडक्ट्स निश्चित ही कृषि क्षेत्र में क्रांति ला देंगे। अब बाज़ार में ऐसे नैनोलोशन भी आ गए हैं जो न केवल आपकी कोशिकाओं को जवान और तंदुरुस्त बनाएँगे, बल्कि बुढ़ापे और बीमारियों से भी आपको कोसों दूर रखेंगे। कितने अद्भुत होंगे नैनोटेक्सटाइल्स और नैनोफैब्रिक्स पर आधारित कपड़े जो ना कभी सिकुड़ेंगे, ना उन पर कभी दाग-धब्बे लगेंगे, और तो और वे हमें कीटाणुओं से बचाएँगे भी।
वह दृश्य ही कितना रोमांचित कर देने वाला होगा जब हम फ़िल्मी तारिकाओं को नैनोसिल्वर युक्त साबुन, शैम्पू, कंडीशनर, दंत-मंजन तथा पराबैंगनी विकिरणों से बचाने वाले नैनोक्रिस्टल क्रीम के विज्ञापनों में देखेंगे। स्त्रियाँ नैनो आयनिक भाप वाले फेशियल और नैनोजेट तकनीक पर आधारित नैनोलिपस्टिक की दीवानी हो रही होंगी। त्योहारों के मौसम में नैनोसिल्वर युक्त वैक्यूम-क्लीनर, रेफ़्रिजरेटर, वॉशिंग-मशीन और एयर-कंडीशनर पर विशेष छूट दी जाएगी। हमारे खिलाड़ी नैनोबॉल, नैनोरैकेट या नैनोइपॉक्सी हॉकी से खेलते हुए दिखाई देंगे। सड़कों पर नैनोपेंट्स से पुती हुई और नैनोऑइल से चलने वाली गाड़ियाँ दिखाई देंगी जिनमें चुम्बकीय नैनोपार्टिकल्स से बने शक्तिशाली शॉक-एब्ज़ॉर्बर लगे होंगे। ऊर्जा संकट के इस दौर में उच्च शक्ति वाले नैनोस्ट्रक्चर्ड ऊर्जा बचत उपकरण निश्चित ही बहुत मददगार साबित होंगे। नैनोस्प्रे से महकता वो ऑफिस भी कितना खुशनुमा और साफ-सुथरा होगा जहाँ नैनोकोटेड फर्नीचर, नैनोमटैरियल से बने हुए उपकरण, ऊष्मा-परावर्ती नैनोकोटेड छ्तें और दीवारें तथा सूक्ष्म जीवों के संक्रमण से बचाने वाले फ़ोन और दरवाज़ों के हत्थे होंगे। उत्कृष्ट तथा उच्च परिशुद्धता वाले हार्डवेयर और सॉफ़्टवेयर तथा कई बिलियन प्रोसेसर क्षमता के डेस्कटॉप कम्प्यूटर्स हमारी उत्पादकता को कितना बढ़ा देंगे ये हम सोच भी नहीं सकते।
वाकई मानना पड़ेगा न्यूरॉन्स में लिपटी हुई मानव-मस्तिष्क की अगाध क्षमता को और अनखोजे को खोज निकालने के उसके जज़्बे को। विकास-यात्रा के पहले पायदान पर खड़े आदिमानव ने जंगली जानवरों को चीर-फाड़ करके खाते और उनकी खाल पहनते समय कभी सोचा भी नहीं होगा कि उसी की कोई नस्ल आगे चलकर नैनोफ़ाइबर पहनेगी, नैनोटी (नैनो चाय) पीएगी और नैनोन्यूट्रिएंट्स खाएगी। उपचार और जागरूकता के अभाव में असमय काल के गाल में समा जाने वाले हमारे पूर्वज उन नैनोरोबोट्स को देखकर कितने खुश होते, जिन्हें आज इंसानी शरीर के भीतर कैंसर कोशिका का ख़ात्मा करने के मिशन पर भेजा जाता है।
कितनी छोटी-छोटी चीज़ों से बना है हमारा जीवन, हमारी प्रकृति और हमारा विज्ञान... और खुद को कितना बड़ा समझते रहते हैं हम... यह जानते हुए भी कि सूक्ष्म को खोजे बिना विराट की यात्रा संभव नहीं।
|