मुनाफा मेडिकल ट्रांस्क्रिप्शन में भारत की भौगोलिक स्थिति के अनुसार यहाँ मेडिकल ट्रांस्क्रिप्शन का करियर किसी उपहार से कम नहीं है। इस क्षेत्र की सबसे अच्छी बात यह है कि यहाँ बिना किसी आर्थिक निवेश के पैसा बरसता है। इस समय लगभग 8000 लोग मेडिकल ट्रांस्क्रिप्शन की बदौलत 500 करोड़ से ज्यादा की विदेशी मुद्रा भारत में ला रहे हैं। अगले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में 2,50,000 लोगों की आवश्यकता होगी।
टॉप पर है टेलिकॉम इस समय देश का टेलिकॉम उद्योग उफान पर है। प्राप्त जानकारी के अनुसार इस समय 6 करोड़ से ज्यादा मोबाइल फोनधारी किसी न किसी कंपनी का मोबाइल उपयोग में ले रहे हैं और इनकी संख्या में लगातार इजाफा जारी है। इसके अतिरिक्त इतनी ही लैंड लाइनों के माध्यम से देश की 1 अरब से ज्यादा आबादी जुड़ी हुई है। इतना ही नहीं ब्रॉड बैंड और डिजिटल केबल भी घरों में प्रवेश करने लगा है।
इसे देखते हुए टेलिकॉम उद्योग में आगामी वर्षों के दौरान 3 से 4 लाख प्रोफेशनल्स की आवश्यकता होगी। इस क्षेत्र में युवा वर्ग टेलिकॉम इंजीनियरिंग, आईएसडीएन, वायरलैस प्रोटोकोल, आईएसडीएन, हार्डवेयर के साथ-साथ विभिन्न टेलिकॉम सेवाओं के लिए मार्केटिंग प्रोफेशनल्स के लिए करियर निर्माण के अभूतपूर्व अवसर उपलब्ध हैं।
सब पर हावी इकलौता आईटी थोड़े दिनों तक सुस्ताने के बाद एक बार फिर आईटी उद्योग बूम पर है। जिस तरह विभिन्ना क्षेत्रों में कम्प्यूटरीकरण और ऑटोमेशन की हवा चल रही है, उसे देखते हुए आईटी के क्षेत्र में करियर निर्माण की अपार संभावनाएँ दिखाई देने लगी हैं।
इस क्षेत्र में एक अच्छी खबर यह है कि अब आईटी का करियर केवल हैदराबाद, बंगलोर या पुणे तक ही सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इंदौर, रायपुर, चंडीगढ़, विशाखापट्टनम और गोआ तक भी फैल गया है। प्रोग्रामिंग लैंग्वेज, सॉफ्टवेयर डाटाबेस, एडमिनिस्ट्रेशन और इंटीग्रेशन जैसे क्षेत्रों में आईटी प्रोफेशनल्स की भारी माँग है।
कमाऊ क्षेत्र बन गया है मनोरंजन उद्योग अब मनोरंजन के मायने फिल्मों तक ही सीमित नहीं रह गए हैं। पिछले कुछ सालों से परफार्मिंग आर्ट्स, म्यूजिक शो और थीम इवेंट ने मनोरंजन की परिभाषा ही बदल दी है।
स्त्रोत : नईदुनिया अवसर
|