- कमलेश जोशी रोजगार के क्षेत्र में कंपनी सचिव के लिए अपार संभावनाएँ हैं और अब तो म्युचुअल फंडों, बीमा कंपनियों, उद्योगों, सरकारी विभाग एवं बड़े व्यावसायिक समूहों द्वारा सैकड़ों की तादाद में कंपनी सुविधा के लिए रोजगार के अवसर रहेंगे।
कंपनी सेक्रेटरी कानून प्रबंधन, वित्त तथा कॉर्पोरेट गवर्नेंस के विविध विषयों के सम्मिलित ज्ञान के साथ कंपनी तथा इसके निदेशक मंडल, शेयरधारकों, सरकार तथा अन्य एजेंसियों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
कंपनी सेक्रेटरी (1) कॉर्पोरेट कानून, सेक्यूरिटीज कानून तथा केपिटल मार्केट और कॉर्पोरेट गवर्नेंस का विशेषज्ञ होता है। (2) कॉर्पोरेट गवर्नेंस में बेस्ट प्रेक्टिस के लिए निदेशक मंडल का मुख्य सलाहकार होता है। (3) कंपनी के सभी नियामक अनुपालनों के लिए जिम्मेदार होता है। (4) कॉर्पोरेट आयोजक तथा नीति प्रबंधक होता है।
द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरी ऑफ इंडिया का गठन सन् 1980 में किया गया। यह एक व्यावसायिक संस्थान है। सरकार द्वारा इस संस्थान को कंपनी सचिव की परीक्षाएँ संचालित करने एवं कंपनी सचिव (सीएस) के लाइसेंस जारी करने का उत्तरदायित्व सौंपा गया है।
कंपनी सचिव की उपाधि को एक संपूर्ण उपाधि माना गया है, क्योंकि कंपनी सचिव पाठ्यक्रम में सैद्धांतिक परीक्षाओं के साथ-साथ उन्हें प्रबंधन प्रशिक्षण भी अनिवार्य रूप से कंपनियों में अथवा प्रेक्टिसिंग कंपनी सचिवों के पास लेना होता है। जिससे न केवल उनका सैद्धांतिक ज्ञान बढ़ता है बल्कि व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ आंतरिक विकास भी होता है।
कोई भी विद्यार्थी 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात या जो विद्यार्थी 12वीं कक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, वे फाउंडेशन की परीक्षा के लिए पंजीयन करा सकते हैं। कंपनी सचिव की परीक्षा को तीन भागों में बाँटा गया हैः (1) फाउंडेशन प्रोग्राम (2) एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम (3) प्रोफेशनल प्रोग्राम
कोई भी विद्यार्थी 10+2 परीक्षा उत्तीर्ण करने के पश्चात या जो विद्यार्थी 12वीं की परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं, वे फाउंडेशन प्रोग्राम में पंजीयन करा सकते हैं एवं जो विद्यार्थी ग्रेज्युएट हैं वे सीधे एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम का पंजीयन करा सकते हैं। उन्हें फाउंडेशन प्रोग्राम करने से छूट प्रदान की गई है। पंजीयन की प्रक्रिया चलती रहती है। जो विद्यार्थी एक्जीक्यूटिव प्रोग्राम पास कर लेते हैं, उन्हें 15 महीने की प्रबंधकीय प्रशिक्षण किसी कंपनी में अथवा प्रेक्टिसिंग कंपनी सचिव के पास करना अनिवार्य है।
स्रोत : नईदुनिया अवसर
|