साउंड इंजीनियरिंग क्या है? यह कोर्स कहाँ से किया जा सकता है? -मनोज रघुवंशी, जोबट (झाबुआ) - साउंड इंजीनियरिंग में आवाज को मधुर एवं कर्णप्रिय बनाने के लिए अनेक जटिल विद्युतीय उपकरणों को संचालित किया जाता है। एक अच्छा साउंड इंजीनियर बनने हेतु आपका संगीत के प्रति रुझान आवश्यक है। अगर आप अलग-अलग प्रकार की ध्वनियों को पहचानने की क्षमता रखते हैं तो साउंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम आप ही के लिए बना है।
साउंड इंजीनियर बनने के लिए स्नातक परीक्षा भौतिकी विषय के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साउंड इंजीनियरिंग का कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध है -द फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे/ सत्यजीत राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता/ फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ तमिलनाडु, चेन्नई।
मैं वाणिज्य से स्नातक हूँ तथा ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट का कोर्स करना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें। -तेजकरण पटेल, बिलासपुर - इंस्टीट्यूट ऑफ रेल ट्रांसपोर्ट, रूम नं.-17, रेल भवन, नई दिल्ली द्वारा एक वर्ष का मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट एंड लॉजिस्टिक और ट्रांसपोर्ट इकोनॉमिक्स एंड मैनेजमेंट डिप्लोमा कोर्स करवाया जाता है। आंध्रा विवि भी ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा कोर्स करवाता है। इस कोर्स को करने के बाद एयरलाइंस, रेलवे, रोड ट्रांसपोर्ट और मर्चेंट नेवी में रोजगार के उजले अवसर प्राप्त हो सकते हैं।
मैं लैब टेक्नीशियन का कोर्स करना चाहता हूँ। इस हेतु मध्यप्रदेश एवं देश के प्रमुख संस्थानों की जानकारी प्रदान करें। -सूरज कासलीवाल, इंदौर - वे युवा जो चिकित्सक नहीं बन पाते, परंतु मेडिकल क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, वे लैब टेक्नीशियन का कोर्स करके चिकित्सा के क्षेत्र में प्रवेश कर सकते हैं। लैब टेक्नीशियन का कोर्स संचालित करने वाले प्रमुख संस्थान हैं-चोइथराम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, इंदौर/ करियर कॉलेज, भोपाल/ इंदौर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस, इंदौर/ ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, नई दिल्ली/गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक भोपाल। प्रदेश और देश में लैब टेक्नीशियन पाठ्यक्रम संचालित करने वाले कई अन्य संस्थान भी हैं, जिनके बारे में जानकारी लेकर उपयुक्त होने पर प्रवेश लिया जा सकता है।
संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा-2008 के वर्ग-1, वर्ग-2 तथा वर्ग-3 की सफल तैयारी किन मासिक पत्रिकाओं को आधार बनाकर की जा सकती है? -प्रकाश यादव, रतलाम/ सुप्रिया देवांगन, देवास - मप्र व्यावसायिक परीक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित की जाने वाली संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा-2008 के वर्ग-1, वर्ग-2 तथा वर्ग-3 की सफल तैयारी हेतु आप मप्र सामान्य ज्ञान केंद्रित मासिक पत्रिका 'प्रतियोगिता निर्देशिका' तथा 'सामान्य ज्ञान दर्पण' में संविदा शिक्षक भर्ती परीक्षा हेतु दिए जा रहे मॉडल प्रश्न-पत्रों को आधार बनाकर कर सकते हैं।
मानचित्र कला के एकवर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम की सुविधा कहाँ उपलब्ध है? -अर्जुन नेताम, रायपुर - मानचित्र कला के एकवर्षीय डिप्लोमा पाठ्यक्रम की सुविधा जामिया मिलिया इस्लामिया, जामिया नगर, नई दिल्ली/पंजाब विश्वविद्यालय, सेक्टर-14, चंडीगढ़/ उस्मानिया विश्वविद्यालय, एडमिनिस्ट्रेटिव भवन, हैदराबाद, आंध्रप्रदेश आदि संस्थानों में उपलब्ध है।
|