मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा लगभग 12 वर्षों के बाद राज्य वन सेवा की नियुक्तियाँ घोषित की गई हैं, जिसमें विज्ञान स्नातक स्टूडेंट्स शामिल हो सकते हैं। इस परीक्षा का विस्तृत विज्ञापन रोजगार और निर्माण के 5 मई 2008 के अंक में प्रकाशित किया गया है।
इसकी महत्वपूर्ण जानकारी हम यहाँ प्रकाशित कर रहे हैं, परंतु किसी भी प्रकार की अंतिम जानकारी के लिए रोजगार और निर्माण के 5 मई 2008 के अंक को संदर्भित करें।
मध्यप्रदेश शासन वन विभाग के अंतर्गत सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) तथा वन क्षेत्रपाल (रेंजर्स) के स्थायी राजपत्रित द्वितीय श्रेणी के पदों की भर्ती संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा द्वारा होगी। इसके लिए रोजगार और निर्माण (05-11मई 2008) में आवेदन-पत्र प्रकाशित किया गया है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 4 जून 2008 है।
पद- सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) के कुल 12 पद हैं। इनमें से अनु. जाति के -4 (बैकलाग-3), अनु. जनजाति के -3 (बैकलाग-1) अन्य पिछड़ा वर्ग के -1 तथा अनारक्षित-4 पद हैं। महिलाओं के लिए इनमें से 3 पद आरक्षित रखे गए हैं।
वन क्षेत्रपाल के कुल 172 पद हैं। अनारक्षित-7, अन्य पिछड़ा वर्ग, अनु. जाति, अनु. जनजाति के 3-3 पद हैं। इसके अलावा अनु. जाति के बैकलाग के 61 एवं अनु. जनजाति के 95 पद हैं। इनमें से 49 पद महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
शैक्षणिक योग्यता- 1. सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) प्राकृतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, गणित, सांख्यिकी, भू-विज्ञान, यांत्रिकी, सिविल या रसायनिक इंजीनियरिंग या कृषि में किसी मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय की स्नातक उपाधि धारण करने वाले व्यक्ति के मामले में यह आवश्यक है कि उसने उच्चतर माध्यमिक मैट्रिकुलेशन या समतुल्य परीक्षा में जीव विज्ञान, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र में से कोई एक विषय लिया हो।
2. वन क्षेत्रपाल मान्यता प्राप्त किसी विवि से विज्ञान, यांत्रिकी कृषि वानिकी में स्नातक उपाधि अथवा समतुल्य विदेशी अर्हता होना चाहिए और स्नातक उपाधि में भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, प्राणी विज्ञान, वनस्पति शास्त्र, भू गर्भ शास्त्र, गणित, सांख्यिकी, वानिकी, कृषि उद्यानिकी, यांत्रिकी (सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, केमिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्प्यूटर) में से कोई एक विषय लिया हो।
|