मैं टेलीविजन एंकरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूँ/चाहती हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -शैलेन्द्र मंडलोई, सोनकच्छ/ तानिया बैस, सिलवानी (रायसेन) - मनोरंजन से भरपूर वर्तमान दौर में टेलीविजन रोजगार का बेहतर माध्यम बन गया है। टेलीविजन कार्यक्रमों और विभिन्न व्यावसायिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रस्तुतीकरण में टेलीविजन एंकर की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इस क्षेत्र में प्रवेश के लिए किसी औपचारिक डिग्री की आवश्यकता नहीं होती, किंतु हिन्दी व अंग्रेजी भाषा पर पूरा अधिकार अवश्य होना चाहिए। एंकर बनने हेतु अपनी अभिनय प्रतिभा एवं डायलॉग डिलेवरी को निखारने के लिए इन संस्थानों से संपर्क किया जा सकता है- फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया, पुणे/ नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली। मैं ग्यारहवीं गणित विषय का छात्र हूँ। मैं अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनना चाहता हूँ। कृपया जानकारी दें। -कविन्द्र अग्रवाल, पिछोर (शिवपुरी) - अंतरिक्ष से संबंधित विषयों को समझने के लिए स्नातक स्तर पर गणित और भौतिकी में मजबूत आधार अनिवार्य समझा जाता है। अतः आप पहले स्नातक स्तर पर इन विषयों पर पकड़ मजबूत करें। डॉ. बाबा साहेब आम्बेडकर मराठवाड़ा विवि, औरंगाबाद/ शिवाजी विवि, कोल्हापुर/ लखनऊ विवि, लखनऊ/ चेन्नई विवि, चेन्नई में बीएससी स्तर पर एस्ट्रोनॉमी तथा एस्ट्रोफिजिकल जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं। इस क्षेत्र में कोर्स करने के उपरांत रोजगार के बहुत उजले अवसर विद्यमान हैं।
मैं आयकर अधिकारी बनना चाहता हूँ। इसके लिए कौनसी परीक्षा देनी होती है?-अर्जुन नेताम, मनोरा (जशपुर)/ तन्मय पांडे, होशंगाबाद - आयकर अधिकारी का पद सिविल सेवा परीक्षा के द्वारा एलायड सर्विस पोस्ट के अंतर्गत आता है। अतः इस पद के लिए आपको संघ लोक सेवा आयोग द्वारा ली जाने वाली सिविल सेवा परीक्षा में चयनित होना होगा।
कृपया मुझे लागत और प्रबंध लेखांकन की इंदौर शाखा का पता बताइए। -उपेन्द्र नागर, इंदौर/ दीपिका सासबड़कर, इंदौर इस हेतु आप इंदौर-देवास चेप्टर ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स, 102, वैभव चैम्बर, प्रथम माला, 7/1, ऊषागंज, इंदौर से संपर्क करें।
मैं शेयर मार्केट से संबंधित कोर्स करना चाहता हूँ। कृपया मुझे प्रमुख प्रशिक्षण संस्थानों की जानकारी दें। -राजेश सक्सेना, पलारी (रायपुर) शेयर मार्केट से संबंधित प्रमुख कोर्स इन संस्थानों में उपलब्ध हैं- मुंबई स्टॉक एक्सचेंज, ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट मुंबई/ इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ केपिटल मार्केट, नवी मुंबई/ इंस्टीट्यूट ऑफ केपिटल मार्केट डेवलपमेंट, 1965, आर्य समाज रोड, करोलबाग, नई दिल्ली।
|