* मैं योग के क्षेत्र में उज्ज्वल करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया मार्गदर्शन दें। -सुधीर मोघे, इंदौर- योग में अभ्यास के जरिए निपुणता पाई जाती है। गुरु-शिष्य परंपरा के जरिए भी योग सीखकर कई लोग वर्तमान में शिखर पर हैं। लेकिन योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षक बनने हेतु विधिवत प्रशिक्षण की आवश्यकता होती है। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के उपरांत योग में प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रम किया जा सकता है। योग में डिप्लोमा, बीएड एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक है। योग में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इंदौर/डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर/गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय, हरिद्वार आदि से संपर्क किया जा सकता है।* मैं फिजिकल एजुकेशन के क्षेत्र में करियर बनाना चाहता हूँ। कृपया जानकारी प्रदान करें। -अतुल माहेश्वरी, जबलपुर- स्पोर्ट्स क्लबों एवं फिटनेस सेंटरों के लगातार बढ़ने से इस क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ गए हैं। इस क्षेत्र में सर्टिफिकेट इन फिजिकल एजुकेशन व 3 साल का बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन का कोर्स उपलब्ध है। बीपीएड के लिए 10+2 तथा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के लिए बैचलर डिग्री आवश्यक है। प्रशिक्षण देने वाले प्रमुख संस्थान हैं- लक्ष्मीबाई कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर/ शारीरिक शिक्षा विभाग, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर/ देवी अहिल्या विश्वविद्यालय, इंदौर/ बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल। * वाइल्ड लाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस में देहरादून से वाइल्ड लाइफ साइंस में एमएससी करने हेतु आवश्यक योग्यता क्या निर्धारित है? -शिवानी तिवारी, रायपुर- इस संस्थान में एमएससी पाठ्यक्रम हेतु न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 55 प्रश अंकों के साथ विज्ञान विषय से स्नातक है। इस पाठ्यक्रम में प्रवेश परीक्षा के आधार पर दाखिला मिलता है।* सामाजिक कार्य पाठ्यक्रम संचालित करने वाले प्रमुख संस्थानों की जानकारी दें। -ऋचा राठौर, देवास- सामाजिक कार्य पाठ्यक्रम संचालित करने वाले प्रमुख संस्थान हैं- समाज कार्य महाविद्यालय, ओल्ड सीहोर रोड, इंदौर/ विक्रम विश्वविद्यालय, उज्जैन/ काशी विश्वविद्यालय, वाराणसी। |