मैं टी टेस्टर बनना चाहता/ चाहती हूँ। इस हेतु मुझे उचित मार्गदर्शन दें। -चंद्रभान साहू, कुरूद (धमतरी)/ वंशिता सक्सेना, मंदसौर चाय पीकर उसके स्वाद के आधार पर उसे श्रेणीगत करने की कला के धनी युवाओं के लिए बतौर टी टेस्टर करियर की सुनहरी डगर मौजूद है। एक वर्षीय प्रशिक्षण के बाद युवा आकर्षक वेतनमान पर इस कार्य से जुड़ सकते हैं। स्वाद के अनुरूप ही विभिन्न कंपनियों द्वारा कई ब्रांडों की चाय बाजार में विपणन हेतु उपलब्ध कराई जाती है। चाय एक ऐसा उत्पाद है जो सीधे बागानों से खुले बाजार में नहीं बेचा जाता। टी टेस्टर चाय को चखकर उसके स्वाद व क्वालिटी के अनुसार उसके मापदंडों को निर्धारित करता है।
उसी के अनुसार उसका मूल्यांकन करके उसके मूल्यों को निश्चित करता है। इसके बाद ही चाय की नीलामी होती है। देश के कई संस्थान टी टेस्टर का प्रशिक्षण देते हैं। उनमें से प्रमुख इस प्रकार हैं- असम दार्जीलिंग टी रिसर्च सेंटर, कुर्सियांग, दार्जीलिंग/ दीपरास इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज, एफई-477, सेक्टर-3, सॉल्टलेक सिटी, कोलकाता/ दार्जीलिंग टी रिसर्च एंड मैनेजमेंट एसोसिएशन, कदमताल-7344331।
मैं स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण कर चुका/चुकी हूँ। एमबीए के लिए विदेश जाना चाहता/चाहती हूँ। घर के आर्थिक हालात ठीक नहीं हैं। क्या मेरा विदेश में अध्ययन करने का सपना साकार होगा? -किशन मरावी, कांकेर/ इंदिरा शर्मा, बिलासपुर यदि आप वास्तव में परिश्रमी और प्रतिभाशाली हैं तो आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद एमबीए करने के लिए विदेश जा सकते/सकती हैं। आप विदेश में अध्ययन के लिए जीआरई व टॉफेल परीक्षाएँ उत्तीर्ण करें। यदि इन दोनों परीक्षाओं में आपके अच्छे अंक आते हैं तो स्कॉलरशिप के साथ विदेश के किसी अच्छे विवि में प्रवेश मिल जाएगा। इसके अलावा उच्च शिक्षा के लिए किसी भारतीय बैंक से आसान उच्च शिक्षा ऋण लेकर विदेश में अध्ययन के लिए जा सकते हैं।
हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन का पाठ्यक्रम मध्यप्रदेश में कहाँ उपलब्ध है? -रंजीतसिंह, देवास/शर्मिष्ठा जायसवाल, उज्जैन हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन का पाँच वर्षीय पाठ्यक्रम प्रबंधकीय अध्ययन संस्थान (आईएमएस), तक्षशिला परिसर, खंडवा रोड, देवी अहिल्या विवि, इंदौर में उपलब्ध है।
मैं एमएसडब्ल्यू कोर्स करना चाहती हूँ। इस हेतु मप्र के किसी प्रतिष्ठित संस्थान का पता बताएँ। -स्मृति ठाकुर, कुरावर, राजगढ़ (ब्यावरा) एमएसडब्ल्यू पाठ्यक्रम को संचालित करने वाला मध्यप्रदेश का ही नहीं, देश का एक प्रतिष्ठित संस्थान है- इंदौर स्कूल ऑफ सोशल वर्क, ओल्ड सीहोर रोड, इंदौर।
कृपया मुझे अभा इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा की जानकारी दीजिए। -विजय मारकंडे, कुक्षी (धार) संघ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा द्वारा सिविल इंजीनियरी, यांत्रिक इंजीनियरी, विद्युत इंजीनियरी, इलेक्ट्रॉनिक तथा दूरसंचार इंजीनियरी विभाग में भर्ती की जाती है। 21 से 30 वर्ष की उम्र वाले इंजीनियरी में डिग्रीधारी युवा इस परीक्षा में बैठ सकते हैं।
मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी तथा तैयारी हेतु कौनसी पत्रिकाओं का अध्ययन उपयोगी होगा? -शंकर यादव, हरदा/पूनम जैन, इंदौर मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी और तैयारी हेतु आप प्रतिमाह प्रतियोगिता निर्देशिका तथा बायोलॉजी टुडे नामक मासिक पत्रिकाओं का अध्ययन कर सकते हैं।
|