|
विजुअल मर्चेंडाइजिंग में सजी संभावनाएँ
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
|
- जयंतीलाल भंडारी मैं ज्वेलरी डिजाइनिंग में करियर बनाना चाहती हूँ। कृपया मार्गदर्शन प्रदान करें। -दुर्गा बालन, रतलाम/बरखा मंडलोई, खंडवा - वर्तमान में आभूषण उद्योग व्यापार ने धूम मचा रखी है। यह आकर्षक रोजगार का एक महत्वपूर्ण साधन बन गया है एक ज्वेलरी डिजाइनर के रूप में अच्छा करियर बनाया जा सकता है। ज्वेलरी डिजाइनिंग पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए अनिवार्य योग्यता 10+2 उत्तीर्ण है।
प्रशिक्षण देने वाले प्रमुख संस्थान हैं- ज्वेलरी प्रोडक्ट डेवलपमेंट सेंटर, डी-15, कॉमर्स सेंटर तारदेव मुंबई/आभूषण उत्पाद विकास केंद्र, एफ ब्लॉक झंडेवाला, रानी झाँसी मार्ग, नई दिल्ली/परख इंस्टीट्यूट ऑफ जेमोलॉजी, 26, पत्रकार कॉलोनी, इंदौर
विजुअल मर्चेंडाइजिंग में करियर की क्या संभावना है? इससे संबंधित पाठ्यक्रम कहाँ उपलब्ध हैं? -कँवलजीत सिंह, इंदौर/चंद्रभान सोलंकी, रायपुर - विभिन्न उत्पादों को उनके डिजाइन, रंग-रूप आदि के आधार पर डिस्प्ले करने, मैनेक्विन को सही जगह पर सजाकर रखने, दुकान की साज-सज्जा और लाइटिंग का चुनाव करने के लिए विजुअल मर्चेंडाइजर की विशेष जरूरत होती है। विजुअल मर्चेंडाइजिंग में करियर बनाने हेतु इसका कोर्स करने के बाद कोई भी व्यक्ति फैशन बुटिक, शॉपिंग मॉल, एम्पोरियम आदि में रोजगार पा सकता है।
अधिकतर शहरों, महानगरों आदि में बड़े-बड़े मॉल खुलने लगे हैं। यहाँ प्रशिक्षित एवं कुशल मर्चेंडाइजर की बहुत माँग होती है। विजुअल मर्चेंडाइजिंग में डिप्लोमा कोर्स के लिए बुनियादी योग्यता दसवीं कक्षा है जबकि पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स हेतु शैक्षणिक योग्यता स्नातक है। विजुअल मर्चेंडाइजिंग का कोर्स कराने वाले प्रमुख संस्थान हैं-एनआईएफटी (निफ्ट) दिल्ली, मुंबई, कोलकाता/ जेडी इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी, हौजखास विलेज, नई दिल्ली/सृष्टि स्कूल ऑफ आर्ट, डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी, येलाहंका, बंगलोर।
मैं मर्चेंट नेवी में करियर बनाना चाहता हूँ। इस हेतु मुझे कहाँ संपर्क करना चाहिए? -संतोष दांगी, खरगोन/गुड्डू मोडिया, श्योपुर/मयंक खत्री, छतरपुर - मर्चेंट नेवी में करियर से संबंधित जानकारी के लिए आप जहाजरानी महानिदेशालय, जहाज भवन, बालचंद-हीराचंद मार्ग, बलार्ड एस्टेट, मुंबई-33 तथा मैरीन इंजीनियरिंग रिसर्च इंस्टीट्यूट पी-19, ताराटोला रोड, कोलकाता-38 से संपर्क कर सकते हैं
फोटोग्राफी के क्षेत्र में करियर की क्या संभावनाएँ हैं? -विष्णुप्रसाद शर्मा, उज्जैन - फोटोग्राफी में डिप्लोमा या डिग्री प्राप्त करके आप फैशन फोटोग्राफी, विज्ञापन फोटोग्राफी, औद्योगिक फोटोग्राफी, वाणिज्य फोटोग्राफी जैसे क्षेत्र में अच्छा रोजगार पा सकते हैं। इसके साथ ही किसी संगठन से जुड़कर काम करने के उज्ज्वल अवसर भी प्राप्त कर सकते हैं। पुणे विवि पुणे तथा उत्कल विवि से आप डिग्री पाठ्यक्रम कर सकते हैं। जनसंचार अनुसंधान केंद्र नई दिल्ली से भी आप फोटोग्राफी में डिप्लोमा कर सकते हैं।
मध्यप्रदेश के जिला न्यायालयों में सहायक ग्रेड-3 के रिक्त पदों की भर्ती हेतु आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा में किस प्रकार के प्रश्न पूछे जाएँगे? इस परीक्षा की तैयारी किस पुस्तक को आधार बनाकर की जा सकती है? -गणेश श्रीवास, जबलपुर/जगन्नाथ वैद्य, पचोर/मानस विजय, ग्वालियर - मध्यप्रदेश के जिला न्यायालयों में सहायक ग्रेड-3 के 385 रिक्त पदों की भर्ती हेतु आयोजित होने वाली प्रारंभिक परीक्षा में सामान्य ज्ञान, अँगरेजी ज्ञान, कम्प्यूटर ज्ञान तथा हिन्दी निबंध पूछा जाएगा। इसके साथ ही टाइपिंग दक्षता की परीक्षा भी ली जाएगी। इस परीक्षा की सफल तैयारी हेतु आप बाजार में उपलब्ध प्रतियोगिता निर्देशिका के जनवरी-08 अंक का अध्ययन करें। इसमें जिला न्यायालय सहायक ग्रेड-3 प्रारंभिक परीक्षा हेतु परीक्षोपयोगी मॉडल प्रश्न-पत्र दिया गया है।
रसायन सूचना विज्ञान में करियर से संबंधित विस्तृत जानकारी कहाँ से प्राप्त की जा सकती है? -विक्रम सेठ, भोपाल - रसायन सूचना विज्ञान में करियर से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए रसायन सूचना विज्ञान अध्ययन संस्था, बी-15, सेक्टर-3, नोएडा से संपर्क करें।
|
|
|
|
|