- जयंतीलाल भंडारी मैं एयरफोर्स पायलट बनना चाहती हूँ। कृपया मार्गदर्शन करें। -मीनाक्षी राजपूत, बिलासपुर/आशा पाटिल, इंदौर - इंडियन एयरफोर्स में युवतियों की भर्ती ऑफिसर कैडर के रूप में तीन वर्गों में होती है। प्रतिवर्ष लगभग 100 से अधिक युवतियाँ इंडियन एयरफोर्स की विभिन्न ब्रांचों में भर्ती की जाती हैं। इनमें से 12 युवतियाँ पायलट के तौर पर भर्ती की जाती हैं। पायलट हेतु 19 से 23 वर्ष की अविवाहित युवतियाँ पात्र हैं।
अकादमिक योग्यता के अंतर्गत बीई/बीएससी (फिजिक्स और मैथ्स सहित) के साथ यदि आप पायलट एप्टिट्यूट बैटरी टेस्ट उत्तीर्ण कर लेती हैं तो आपका मेडिकल, साइकोलॉजिकल टेस्ट लिया जाता है। इसके उपरांत प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद आप एक फ्लाइंग ऑफिसर के तौर पर इंडियन एयरफोर्स में अपनी सेवाएँ दे सकती हैं। एयरफोर्स पायलट बनने से संबंधित अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट www.careerairforce.nic.in पर लॉग ऑन करें।
मुझे कंपनी सेक्रेटरी का कोर्स करना है। इस हेतु क्या शैक्षणिक योग्यता आवश्यक है? -राजीव दासानी, जबलपुर - बारहवीं कक्षा के बाद कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा के फाउंडेशन कोर्स में बैठा जा सकता है या फिर ग्रेजुएट होने के बाद कंपनी सेक्रेटरी के इंटरमीडिएट कोर्स में बैठ सकते हैं।
मप्र में फायर इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री कहाँ से प्राप्त की जा सकती है? -मनीष गांगुली, ग्वालियर - मप्र के इंदौर स्थित आईपीएस एकेडमी से फायर इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री प्राप्त की जा सकती है। यहाँ बैचलर ऑफ फायर टेक्नॉलॉजी एंड सेफ्टी इंजीनियरिंग का चार वर्षीय पाठ्यक्रम चलाया जाता है। इसमें प्रवेश पीईटी परीक्षा के माध्यम से दिया जाता है।
मैं बारहवीं कक्षा बायोलॉजी विषय समूह के साथ कर रहा/रही हूँ। भविष्य में मैं डॉक्टर बनना चाहता/चाहती हूँ। इस हेतु देश की विभिन्न मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी और उनमें पूछे जाने वाले प्रश्नों के स्वरूप के बारे में कृपया मार्गदर्शन दें। -मुनव्वर हुसैन, रायपुर/रश्मि श्रोत्रिय, शिवपुरी - मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की जानकारी और तैयारी हेतु आप प्रतिमाह प्रतियोगिता निर्देशिका तथा बायोलॉजी ट्रेड नामक मासिक पत्रिकाएँ पढ़ना शुरू करें।
मैं मप्र के किसी पत्रकारिता विवि से पत्रकारिता पाठ्यक्रम करना चाहता हूँ। कृपया जानकारी दें। -प्रकाश दुबे, क्षिप्रा - पत्रकारिता पाठ्यक्रम हेतु आप माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विवि, त्रिलोचन नगर, अरेरा कॉलोनी, भोपाल से संपर्क कर सकते हैं।
|