केंद्र ने यहाँ विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) परिसर में सॉफ्टवेयर टेक्नोलाजी पार्क (एसटीपी) की स्थापना के लिए 60 करोड़ रुपए देने का आश्वासन दिया है। योजना राज्यमंत्री वी नारायणसामी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नारायणसामी ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि उन्होंने यह मामला संचार मंत्री ए राजा के साथ उठाया है और इस बात के मजबूत संकेत हैं कि फंड दे दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने पुडुचेरी के लिए जिस राष्ट्रीय तकनीकी संस्थान की मंजूरी दी है, उसे कराइकल में स्थापित किया जाएगा। इस संस्थान पर केंद्र निवेश करेगा।
उन्होंने कहा कि इस संघ शासित प्रदेश की पूर्ण राज्य के दर्जे की माँग पर केन्द्र विचार कर रहा है और संसद के अगले बजट सत्र के दौरान इस बारे में विधेयक लाया जा सकता है।(भाषा)