सोना 17000 रुपए के करीब

नई दिल्ली, शनिवार, 7 नवंबर 2009( 21:14 IST )
वैश्विक संकेतों के बीच शादी विवाह वालों की भारी लिवाली के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोने के भाव 16900 रुपए प्रति दस ग्राम की नयी उँचाई को छू गए।
अमेरिका में सोने के भाव 1099 डॉलर प्रति औंस की नई उँचाई तक जा पहुँचे।
सथानीय बाजार में सोना 75 रुपए की तेजी के साथ 16900 रुपए के रिकार्ड स्तर को छू गया। बाजार सूत्रों के अनुसार वैश्विक तेजी के बीच मौजूदा शादी विवाह वालों की माँग को पूरा करने के लिए स्टाकिस्टों और आभूषण निर्माताओं की ताजा लिवाली के चलते सोने के भाव अब तक की नयी उँचाई तक जा पहुँचे।
सोना स्टैंडर्ड और आभूषण के भाव 75.75 रुपए की तेजी के साथ 16900 रुपए और 16750 रुपए प्रति दस ग्राम बंद हुए। गिन्नी के भाव भी 100 रुपए चढ़कर 13300 रुपए प्रति आठ ग्राम बंद हुए।
चाँदी तैयार के भाव पूर्वस्तर 27500 रुपए प्रति किलो अपरिवर्तित बंद हुए। जबकि चाँदी साप्ताहिक डिलीवरी के भाव 70 रुपए टूटकर 27185 रुपए किलो बंद हुए।
शादी विवाह वालों की भारी माँग के चलते चाँदी सिक्का के भाव 200 रुपए की तेजी के साथ 33500-33600 रुपए प्रति सैकड़ा की नई उँचाई पर बंद हुए।(भाषा)