ब्रिटेन के वित्तीय सेवा बाजार के नियामक ने स्विट्जरलैंड की बैंकिंग कंपनी यूबीएस पर 80 लाख पौंड का जुर्माना लगाया है। यूबीएस अपने कर्मचारियों को अनाधिकृत सौदे करने से रोकने में विफल रहा, जिसके लिए उस पर यह जुर्माना लगाया गया।
ब्रिटेन के नियामकीय निकाय ने कहा कि उसने यूबीएस की प्रणाली एवं नियंत्रण तंत्र के विफल रहने पर बैंकिंग कंपनी पर 80 लाख पौंड का जुर्माना लगाया है। यूबीएस के तंत्र की विफलता के चलते उसके चार कर्मचारी अनाधिकृत सौदे करने में सफल रहे जिसमें कम से कम 39 खातों में ग्राहकों का धन शामिल है।
एजेन्सी के मुताबिक, ये अनाधिकृत गतिविधिया जनवरी, 2006 और दिसंबर, 2007 के बीच यूबीएस के लंदन स्थित धन प्रबंधन कारोबार में हुई, लेकिन यह तभी प्रकाश में आया जब एक व्यक्ति ने यूबीएस की इस गतिविधि पर चिंता जताई। (भाषा)