मुख पृष्ठ » खबर-संसार » व्यापार » समाचार » पूर्व तेल नियामक सिब्बल लंबी छुट्टी पर (Former oil regulator VK Sibbal, Oil India Limited., OIL, long holiday)
नई दिल्ली (भाषा), मंगलवार, 3 नवंबर 2009( 21:40 IST )
पूर्व तेल नियामक वीके सिब्बल अब लंबी छुट्टी पर चले गए हैं। सिब्बल को सेवा विस्तार देने से इनकार कर दिया था और उनके मूल संगठन ऑइल इंडिया लि. (ओआईएल) के पास उनका समय से पहले सेवानिवृत्ति का आवेदन लंबित पड़ा है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि सिब्बल ने गत 31 अक्टूबर को ओआईएल में फिर से कार्यभार संभाला और उसके तुरंत बाद समय पूर्व सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन दे दिया। वर्ष 2004 में सिब्बल को हाइड्रोकार्बन महानिदेशक बनाया गया था। वहाँ से उन्हें फिर से उनकी मूल कंपनी ओआईएल में भेज दिया गया। ओआईएल ने उनके आवेदन पर अब तक इसलिए विचार नहीं किया है, क्योंकि अभी तक सतर्कता मंजूरी नहीं मिली है।
सिब्बल को जनवरी 2012 तक यानी 60 साल की उम्र तक के लिए इस नोडल एजेंसी के प्रमुख के रूप में सेवा विस्तार नहीं दिया गया है, क्योंकि केंद्रीय सतर्कता आयोग को उनमें ‘भरोसे की कमी’ मिली है। सिब्बल पर निजी क्षेत्र की कंपनियों के साथ गठजोड़ करने का आरोप लगा है।
डीजीएच के महानिदेशक सिब्बल ने ओआईएल से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए 23 अक्टूबर को आवेदन किया था, लेकिन ओआईएल ने उनका आवेदन ठुकरा दिया था। ओआईएल का कहना था कि वह समय पूर्व सेवानिवृत्ति के लिए अपने उस समय के नियोक्ता यानी भारत सरकार के पास ही आवेदन कर सकते हैं।
कई बार प्रयासों के बावजूद सिब्बल से संपर्क नहीं हो पाया। ओआईएल के निदेशक (परिचालन) एसके श्रीवास्तव को डीजीएच के प्रमुख का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।