वॉशिंगटन (भाषा), बुधवार, 4 नवंबर 2009( 00:15 IST )
FILE
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष से करीब 6.7 अरब डॉलर में 200 मैट्रिक टन सोना खरीदा है। आईएमएफ ने अपने पास पड़ा 403.3 मैट्रिक टन सोना बेचने का फैसला किया है ताकि निर्धन देशों को रियायती दरों पर ऋण उपलब्ध कराने के लिए वित्तीय संसाधन सुलभ कराया जा सके।
आईएमएफ के प्रबंध निदेशक डामिनिक स्ट्रास कान ने कहा कि यह सौदा आईएमएफ के सीमित सोना बिक्री कार्यक्रम के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
अक्टूबर 19-30 के बीच दो सप्ताह तक रोजाना सोने की बिक्री की गई। अभी यह सौदा पूरी तरह से नहीं निपटा है। उस दिन के बाजार मूल्य के आधार सोने की रोजाना बिक्री की गई।
आईएमएफ ने कहा कि कुल बिक्री से 6.7 अरब डॉलर मिले। आईएमएफ के नियम के मुताबिक सारे सोने की बिक्री बाजार मूल्य पर आधारित कीमत पर की गई।
सितंबर 18 को हुई बैठक में आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड ने 403. 3 मीट्रिक टन सोना की बिक्री को मंजूरी दी गई थी, जो कुल भंडार का आठवाँ हिस्सा है ताकि एक रणनीति के तहत कम आय वाले देशों को ऋण देने के लिए संसाधन बढ़ाए जा सकें।