नई दिल्ली (भाषा), बुधवार, 4 नवंबर 2009( 00:29 IST )
FILE
भारत का कच्चे तेल का आयात इस वर्ष अप्रैल-सितंबर अवधि में 41 फीसद घटकर 31. 6 अरब डॉलर का रहा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमत में गिरावट के मद्देनजर कच्चे तेल के आयात बिल में कमी आई है।
पेट्रोलियम मंत्रालय के आँकड़ों के अनुसार एशिया में तेल का तीसरा सबसे बड़ा उपभोक्ता भारत ने चालू वित्त वर्ष के पहले छह महीने में 31.6 अरब डॉलर मूल्य का 6.96 करोड़ टन कच्चे तेल का आयात किया। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 53.78 अरब डॉलर मूल्य का कच्चा तेल आयात किया गया था।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2008 के अगस्त महीने में कच्चे तेल की कीमत रिकॉर्ड 147 डॉलर प्रति बैरल पहुँच गई थी जो अभी लगभग 70 डालर प्रति बैरल है।
भारत ने 3.61 अरब डॉलर मूल्य का 71. 6 लाख टन पेट्रोलियम उत्पादों का भी आयात किया। इसमें मुख्य रूप से डीजल, नाफ्था शामिल है। वर्ष 2008 में अप्रैल-सितंबर के दौरान 9. 44 अरब डॉलर मूल्य का 99.8 लाख टन ईंधन का आयात किया गया था।
चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-सितंबर अवधि में 1.43 करोड़ टन ईंधन का निर्यात किया गया, जो 7.29 अरब डॉलर मूल्य का था। जबकि पूर्व वित्त वर्ष की समान अवधि में 18.77 अरब डॉलर मूल्य का 1.917 करोड़ टन ईंधन का निर्यात किया गया था।
मंत्रालय के आँकड़ों के मुताबिक सितंबर महीने में घरेलू खपत 1.069 करोड़ टन रहा जो पूर्व वर्ष की समान अवधि के लगभग बराबर है। अप्रैल-सितंबर अवधि में खपत 3.6 फीसद बढ़कर 6.726 करोड़ टन रहा।
सितंबर महीने में डीजल की माँग 4.7 फीसद बढ़कर 41.2 लाख टन रही। छमाही के दौरान पेट्रोल की खपत 14.7 फीसद बढ़कर 63 लाख टन रहा।