स्टेट बैंक ऑफ इंदौर के निदेशक मंडल ने बैंक का भारतीय स्टेट बैंक द्वारा विलय किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
निदेशक मंडल की यहाँ हुई बैठक में इस प्रस्ताव का अनुमोदन किया गया। प्रस्ताव के अनुसार स्टेट बैंक ऑफ इंदौर के 100 शेयरों के स्थान पर भारतीय स्टेट बैंक को 34 शेयरों का आवंटन किया जाएगा।
हालाँकि इस प्रस्ताव पर शेयरधारकों की आपत्तियों के बाद दोनों बैंक के निदेशक मंडलों, भारतीय रिजर्व बैंक और केंद्र सरकार की मंजूरी मिलना अभी बाकी है।
भारतीय स्टेट बैंक अपने सात सहयोगी बैंकों के विलय पर काम कर रहा है। इससे पहले भारतीय स्टेट बैंक, स्टेट बैंक ऑफ सौराष्ट्र का विलय कर चुका है।
भारतीय स्टेट बैंक के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ओपी. भट्ट ने कहा है कि बाकी सहयोगी बैंकों का विलय सरकार के अनुमोदन पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि इन बैंकों के विलय से भारतीय स्टेट बैंक की स्थिति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।