बेंगलुरु (भाषा) , शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2009( 17:09 IST )
इस बार दिवाली में बेंगलुरु के सॉफ्टवेअर हब में खुशी के पटाखे फोड़े जा रहे हैं और आईटी पेशेवरों में उत्साह का माहौल है। पिछले साल लीमन ब्रदर्स के ढहने के बाद शुरू हुई वैश्विक आर्थिक मंदी ने आईटी कंपनियों का दिवाला निकाल दिया था।
इन्फोसिस के एचआर प्रमुख मोहनदास पै का कहना है कि मूड काफी सकारात्मक है। हमारे तिमाही नतीजे बेहतर रहे। हमने एक अक्टूबर से अपने कर्मचारियों की तनख्वाह बढ़ाने का वादा किया है और कर्मचारियों के बीच खुशी का माहौल है।
आर्थिक परिदृश्य में सुधार और कीमतों का दबाव घटने के चलते देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस ने दूसरी तिमाही में 1,540 करोड़ रुपए का मुनाफा कमाया जो बीते वित्त वर्ष की इसी अवधि के मुनाफे से 7.5 फीसद अधिक है।
वहीं विप्रो टेक्नोलाजीज के सीएफओ मनीष डूगर ने कहा कि त्योहारी मूड बाजार में साफ झलक रहा है और कर्मचारी भी खुश हैं। पिछले साल शुरू हुए वैश्विक आर्थिक संकट ने बैंकिंग, वित्तीय सेवा और बीमा कंपनियों के कारोबार का भट्टा बैठा दिया था। चूँकि ये क्षेत्र आईटी कंपनियों के प्रमुख ग्राहक हैं, इसलिए आईटी कंपनियों की आय काफी प्रभावित हुई थी।
माइंडट्री लिमिटेड के निदेशक मोहन सीताराम ने कहा कि पिछली बार लोगों में निराशा थी और लोगों की इस बात की आशंका थी कि अब क्या होगा।