नई दिल्ली (भाषा) , बुधवार, 7 अक्टूबर 2009( 19:52 IST )
कारोबारी माँग में सुधार के बीच सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों की आय में डॉलर मूल्य में चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में इससे पिछली तिमाही से चार फीसद तक वृद्धि होने की उम्मीद है।
आईटी सर्विसेज और साफ्टवेयर पर शोध रिपोर्ट में सिटी ने कहा है कि हम राजस्व में बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं। बड़ी कंपनियों के राजस्व में यह बढ़ोतरी 2 से 3.5 फीसद हो सकती है। मार्जिन स्थिर रहने की संभावना है।
आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज ने अपनी शोध रिपोर्ट में कहा है कि हम तिमाही-दर-तिमाही आधार पर कंपनियों की आय में 2 से 4 फीसद की वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। इसमें इंफोसिस अग्रणी रहेगी जिसका प्रमुख कारण कंपनी के कारोबार में वृद्धि होना है।
शेयरखान के अनुसार रुपए में इंफोसिस की वृद्धि तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 2.7 फीसद रह सकती है जबकि विप्रो और टीसीएस की आय में क्रमश: 3.5 फीसद और 1.4 फीसद का इजाफा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि इंफोसिस तिमाही आय के बारे में शुक्रवार को घोषणा करने वाली है। उसके बाद विप्रो, एचसीएल टेक्नोलाजीज और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के तिमाही परिणाम आएँगे।