वियना (वार्ता), गुरूवार, 10 सितंबर 2009( 10:30 IST )
तेल निर्यातक देशों (ओपेक) के मंत्रियों की बैठक में कच्चे तेल उत्पादन में कटौती के निर्णय की संभावना नहीं है, क्योंकि प्रमुख निर्यातक देश सऊदी अरब ने कहा है कि किसी तरह की कार्रवाई की जरूरत नहीं है।
तेल के मूल्य 71 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर होने और अर्थव्यवस्था के सुधरने के संकेतों के मद्देनजर अब तक ओपेक के 12 सदस्य देशों में से किसी ने भी उत्पादन में कटौती करने की आवश्यकता नहीं जताई है।
यह पूछे जाने पर कि क्या ओपेक देश अपनी उत्पादन नीति में परिवर्तन करेंगे, सऊदी अरब के तेल मंत्री अली अल नायमी ने कहा तेल के मूल्य 68 से 73 डॉलर प्रति बैरल के बीच हैं, आप और क्या चाहते हैं। ये उपभोक्ता और उत्पादक सभी के माफिक हैं।
इसके बावजूद ओपेक अपने सदस्यों से उत्पादन में मामूली कटौती के लिए कह सकता है, जिससे अनधिकृत तौर पर आपूर्ति में कुछ कमी हो सकती है। यद्यपि सहमति को 100 प्रतिशत पूरा करना असंभव है। सऊदी अखबार अल हयात ने कहा है कि उसे तेल निर्यातक देशों द्वारा आधिकारिक आपूर्ति में कमी करने की उम्मीद नहीं है। अखबार ने नायमी के हवाले से कहा कि वियना में हो रही बैठक में तेल उत्पादन स्तर में बदलाव नहीं होगा।
इस वर्ष की शुरुआत में जब वैश्विक अर्थव्यवस्था डाँवाडोल थी, सऊदी अरब ने कहा था कि वह 50 डॉलर प्रति बैरल के मूल्य सह सकता है। मई तक वैश्विक आर्थिक स्थिति सुधरने पर उत्पादकों के लिए तेल मूल्य कमोबेश 75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहने लगे, जो तर्कसंगत कहे जा सकते हैं।
कतर के तेल मंत्री अब्दुल्ला अल अतैया ने कहा वैश्विक अर्थव्यवस्था में अब भी अनिश्चितता है। हम अर्थव्यवस्था को क्षति नहीं पहुँचाना चाहते। हमें वैश्विक अर्थव्यवस्था को लेकर बहुत सतर्क रहना होगा और सामान्य विकास की ओर बढ़ना होगा। उत्पादन में कटौती करने का यह उचित समय नहीं है। खाड़ी देश के एक प्रतिनिधि ने कहा कि बैठक में उत्पादन कटौती की सीमा बरकरार रहने की संभावना है।