थोड़े समय के ठंडेपन के बाद दुबई एक बार फिर सबसे बड़े और सबसे ऊँचे के दौर में लौट रहा है। एक बार फिर दुबई एक सबसे ऊँची इमारत बनाने की नई इबारत लिखने जा रहा है।
ट्राइडेंट इंटरनेशनल होल्डिंग्स ने अरेबियन कंस्ट्रक्शन कंपनी को दुबई मरीना में दुनिया का सबसे ऊँचा आवासीय टॉवर ‘पेंटोमीनियम’ के निर्माण का 40 करोड़ डॉलर का ठेका दिया गया है।
डेवलपर के मुताबिक, 124 मंजिला इस टॉवर का नाम दो शब्दों पेंटहाउस और कान्डोमीनियम से दिया गया है। यह दुनिया का सबसे ऊँचे मानव निर्मित ढाँचे में से एक होगा। अगर ऊँचाई की बात की जाए तो यह बुर्ज दुबई के बाद दुनिया की दूसरी सबसे ऊँची इमारत होगी।
कंपनी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इसके तहत कुल 1,70,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में इसका निर्माण किया जाएगा और निर्माण कार्य के दो साल में पूरा होने की उम्मीद है। 618 मीटर के टॉवर के प्रत्येक अपार्टमेंट में या तो आधा फ्लोर होगा या पूरा फ्लोर होगा।
प्रोजेक्ट डिजाइनर एडास के मुताबिक, पेंटोमीनियम निर्माण पूरा हो जाने के बाद यह दुनिया की सबसे ऊँची आवासीय इमारत होगी। इस समय निर्माणाधीन किसी आवासीय इमारत में पेंटोमीनियम की ऊँचाई सबसे ज्यादा है।