नई दिल्ली (भाषा) , सोमवार, 7 सितंबर 2009( 20:55 IST )
अपने परिचालन के विविधीकरण के लिए सार्वजनिक क्षेत्र के दो बैंक यूनियन बैंक और आईडीबीआई बैंक परिसंपत्ति प्रबंधन क्षेत्र में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। बैंकों ने इसके लिए बाजार नियामक सेबी से संपर्क किया है।
जहाँ आईडीबीआई ने इस साल जनवरी में लाइसेंस के लिए आवेदन किया है, वहीं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने नियामक के पास फरवरी में आवेदन किया है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि ये सभी आवेदन मंजूरी के शुरुआती चरण में हैं। सूत्रों का कहना है कि इन बैंकों को इस साल लाइसेंस मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद वे परिसंपत्ति प्रबंधन कारोबार में उतर सकते हैं।
इस बीच देश के निजी क्षेत्र के तीसरे सबसे बड़े एक्सिस बैंक को पहले ही नियामक से परिसंपत्ति प्रबंधन कारोबार शुरू करने की अनुमति मिल चुकी है।
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने बेल्जियम के केबीसी समूह के साथ परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी बनाई है। इस संयुक्त उपक्रम में यूनियम बैंक की हिस्सेदारी 51 प्रतिशत है। इस कंपनी के चालू वित्त वर्ष के दौरान परिचालन शुरू करने की उम्मीद है।
आईडीबीआई बैंक को अपने निदेशक मंडल से परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी के गठन की मंजूरी मिल चुकी है। यह कंपनी उसकी पूर्ण सहायक इकाई या संयुक्त उपक्रम किसी भी रूप में हो सकती है।