नई दिल्ली (भाषा) , रविवार, 6 सितंबर 2009( 17:43 IST )
कई तरह के कारोबार करने वाली कंपनी गोदरेज ने अब भारतीय बाजार में रेफ्रिजरेटर का नैनो संस्करण उतारने की घोषणा की है। फ्रिज के नैनो संस्करण की कीमत बाजार में मौजूद स्टैंडर्ड मॉडल का सिर्फ एक-तिहाई होगी।
कंपनी ने रेफ्रिजरेटर का छह लीटर का मॉडल डिजाइन किया है। इसका आकार दो फीट से कम है। इस रेफ्रिजरेटर का दाम 2,500 रुपए है और फिलहाल इसका आंध्र प्रदेश के बाजार में परीक्षण किया जा रहा है।
गोदरेज समूह के चेयरमैन आदी गोदरेज ने कहा कि हमने आंध्र प्रदेश में छह लीटर का रेफ्रिजरेटर उतारा है। वहाँ हम इसका बाजार परीक्षण कर रहे हैं। इस पर मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर ही हम अपनी भविष्य की रणनीति तय करेंगे।
उन्होंने कहा कि कंपनी की कलर टीवी के लिए भी यही योजना है, जिसे दक्षिण भारत के बाजारों में पेश किया गया है। हालाँकि, उन्होंने इसके बारे में और ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया।
उद्योग के अनुमान के अनुसार, भारत में रेफ्रिजरेटर का सालाना बाजार 30 लाख इकाई का है और यह वाषिर्क 15 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
इसमें प्रवेश स्तर के रेफ्रिजरेटर की हिस्सेदारी 70 प्रतिशत है। रेफ्रिजरेटर की शुरुआती कीमत फिलहाल 7,500 से 8,000 रुपए के बीच है।