मुख पृष्ठ » खबर-संसार » व्यापार » समाचार » अमेरिका में एक दिन में पाँच बैंक धराशायी (U.S., banks collapsed, U.S. economy, Federal Deposit Insurance Corporation)
न्यूयॉर्क (भाषा), रविवार, 6 सितंबर 2009( 12:43 IST )
सितंबर में एक दिन में अमेरिका में पाँच और बैंक धराशायी हो गए हैं। इस तरह 2009 में अब तक अमेरिका में धराशायी होने वाले बैंकों का आँकड़ा 89 पर पहुँच गया है।
यह आँकड़ा 2008 की इसी अवधि की तुलना में तीन गुना से भी ज्यादा है। 2008 में इस अवधि तक अमेरिका में कुल 25 बैंक धराशायी हुए थे। हालाँकि अमेरिकी अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत मिलने लगे हैं, लेकिन इसके साथ ही 'फेल बैंकों' का आँकड़ा बढ़ता जा रहा है।
फेडरल डिपाजिट इंश्योरेंस कॉरपोरेशन (एफडीआईसी) के अनुसार, चार सितंबर को फर्स्ट बैंक ऑफ कन्सास, इनबैंक, वान्टास बैंक, प्लेटिनम कम्युनिटी बैंक और फर्स्ट स्टेट बैंकों पर ताला लग गया। असफल बैंकों के रिसीवर का काम करने वाली इस एजेंसी को इन पाँच बैंकों के धराशायी होने से 40.13 करोड़ डॉलर का नुकसान होगा।
अकेले वान्टास बैंक के विफल होने से एफडीआईसी को 16.8 करोड़ डॉलर का घाटा होने का अनुमान है। अगस्त में अमेरिका में 15 बैंक धराशायी हुए थे।
हाल में एफडीआईसी ने कहा था कि जून तिमाही में संकटग्रस्त ऐसे बैंक, जिनके बंद होने का अंदेशा है, की संख्या बढ़कर 416 पर पहुँच गई थी। सुधार की उम्मीदों के बीच अमेरिका में बेरोजगारी की दर अगस्त में 26 साल के उच्च स्तर 9.7 प्रतिशत पर पहुँच गई थी।
बेरोजगारी बढ़ने का मतलब है कि डिफाल्टरों की संख्या बढ़ेगी, जिससे छोटे बैंकों और वित्तीय संस्थानों के लिए खतरा बढ़ जाएगा। जुलाई में 24 अमेरिकी बैंकों पर ताला लगा है। यह 2009 के किसी एक माह का सबसे बड़ा आँकड़ा है।
2 जुलाई को 7 और 24 जुलाई को भी 7 बैंक धराशायी हुए थे। जून में प्रशासन ने नौ बैंकों को बंद किया था, जबकि मई में सात बैंक धराशायी हुए थे।