शिक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान देते हुए सरकार ने सोमवार को गरीब छात्रों के लिए शिक्षा ऋणों पर पूर्ण ब्याज सब्सिडी स्कीम का प्रस्ताव किया। तकनीकी और पेशेवर कोर्स करने वाले गरीब छात्रों को इस स्कीम का फायदा मिलेगा। सरकार ने आईआईटी और एनआईटी के लिए 2113 करोड़ रुपए का आवंटन किया है।
वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने 2009-10 का आम बजट पेश करते हुए लोकसभा में कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को उच्च शिक्षा में मदद के लिए एक स्कीम का प्रस्ताव किया जा रहा है, जिसके तहत उन्हें ब्याज पर पूर्ण सब्सिडी मिलेगी।
इस स्कीम के तहत छात्रों द्वारा अनुसूचित बैंकों से लिए गए ऋण शामिल होंगे, जो वे मान्यता प्राप्त संस्थानों से तकनीकी या पेशेवर कोर्स करने के लिए लेंगे।
हालाँकि जिन छात्रों के परिवारों की आय साढ़े चार लाख रुपए सालाना से कम है, उन्हें ही इस स्कीम का फायदा मिलेगा।
मुखर्जी ने कहा कि सरकार आईआईटी और एनआईटी को 2113 करोड़ रुपए का आवंटन करेगी। इसमें आठ नए आईआईटी और दस एनआईटी खोलने के लिए 450 करोड़ रुपए की राशि शामिल होगी।
उच्च शिक्षा के लिए बजट में राशि को 2000 करोड़ रुपए बढ़ा दिया गया है। |