वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी ने आम बजट 2009-10 पेश करते हुए कहा कि बजट अनुमान 2009-10 में 1020838 करोड़ रुपए के कुल व्यय की व्यवस्था है।
उन्होंने कहा कि उक्त राशि में 695689 करोड़ रुपए का गैर योजना व्यय और 325149 करोड़ रुपए का योजना व्यय शामिल है। वित्त वर्ष 2008-09 की तुलना में गैर योजना व्यय में 37 फीसद की वृद्धि की गई है, जबकि योजना व्यय में 34 फीसद की वृद्धि की गई है।
इस तरह से वर्ष 2008-09 के मुकाबले वर्ष 2009-10 में व्यय में कुल 36 फीसद की वृद्धि की गई है।
मुखर्जी ने कहा कि गैर योजना व्यय में बढ़ोतरी की मुख्य वजह छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करना, वर्धित खाद्य सब्सिडी और वर्ष 2008-09 में अधिक राजकोषीय घाटे की वजह से उच्च ब्याज की अदायगी का होना है।
उन्होंने कहा कि ब्याज अदायगी 225511 करोड़ रुपए अनुमानित है, जो 2009-10 में गैर योजना व्यय का लगभग 36 फीसद है। सब्सिडी के लिए कुल प्रावधान वर्ष 2008-09 में 71431 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 2009-10 में 111276 करोड़ रुपए हो गया। |