कोयला, सीमेंट, इस्पात और विद्युत उत्पादन में आए सुधार की बदौलत मई में छः बुनियादी उद्योगों के उत्पादन में पिछले साल इसी महीने के मुकाबले 2.8 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई।
पिछले साल मई में भी इसमें 3.1 प्रतिशत की वृद्धि रही थी। देश के औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) में 26.7 प्रतिशत का वजन रखने वाले छः प्रमुख उद्योगों के इस सूचकांक (आधार वर्ष 1993-94) में चालू वित्त वर्ष के दो महीनों अप्रैल और मई में कुल मिलाकर 3.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह वृद्धि पिछले साल इन्हीं दो महीनों में हुई 2.7 प्रतिशत की वृद्धि से अच्छी रही है।
छः प्रमुख उद्योगों की उत्पादन वृद्धि में आए इस सुधार को अर्थव्यवस्था में आ रहे सुधार के रूप में देखा जा रहा है। छः उद्योगों में कोयला, सीमेंट, इस्पात और विद्युत उत्पादन में सुधार रहा है जबकि कच्चे तेल और पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादन में मई 2009 में गिरावट दर्ज की गई।
सीमेंट उद्योग का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा है। मई 2008 की तुलना में मई 2009 में सीमेंट उत्पादन में 11.6 प्रतिशत वृद्धि हुई है जबकि एक साल पहले इसमें मात्र 3.8 प्रतिशत की वृद्धि ही हुई थी। अप्रैल-मई के दो महीनों में इसमें पिछले साल के 5.4 प्रतिशत के मुकाबले 11.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कोयला उत्पादन में 10.2 प्रतिशत वृद्धि रही।
वित्त वर्ष के दो महीनों में कोयला उत्पादन 11.8 प्रतिशत बढ़ा। विद्युत उत्पादन में क्रमश 3.3 प्रतिशत और दो महीनों में 5.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई। |