सरकारी ड्रिलिंग कंपनी ओएनजीसी के अधिकारियों की हड़ताल के कारण मुंबई के अपतटीय इलाकों में तेल का उत्पादन 50 फीसदी गिरा। अधिकारियों की हड़ताल का आज तीसरा दिन है।
कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि बॉम्बे हाई और नीलम हीरा एवं दक्षिण बसई के क्षेत्रों में 170000 बैरल कच्चे तेल का उत्पादन हो रहा है, जबकि सामान्य तौर पर यहाँ 350000 बैरल प्रतिदिन की दर से उत्पादन होता है। इन क्षेत्रों से प्राकृतिक गैस का उत्पादन लगभग खत्म हो गया है जिससे उद्योग और शहर के गैस परिचालनों की आपूर्ति प्रभावित हुई है।
बॉम्बे हाई और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य रूप से 1.28 करोड़ स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर गैस का रोजाना उत्पादन होता है लेकिन आज उत्पादन नाममात्र को रहा है।
सामान्य दिनों में कंपनी 10.5 एमएमएससीएमडी गैस की बिक्री करती है, जबकि फिलहाल वह महानगर गैस लिमिटेड में बहुत कम मात्रा में गैस दे सकती है। एमजीएल मुंबई में गैस का वितरण करती है।
दक्षिणी बसई इलाके में सामान्य रूप से 29 एमएमएससीएमडी गैस का उत्पादन होता है, लेकिन बुधवार से यह बंद है। एचपीसीएल को छोड़कर सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों के अधिकारी सात जनवरी से हड़ताल पर हैं जो अधिक वेतन की माँग कर रहे हैं। |