देश के स्टेनलेस स्टील आयात में पिछले वर्ष के दिसंबर माह के दौरान 70 फीसद की कमी आई है। माँग में कमी और आयात शुल्क में बढ़ोतरी होने से दिसंबर माह में इसका कुल आयात 6000 टन हुआ।
पिछले वर्ष नवंबर माह में इसके आयात में 60 फीसदी की वृद्धि हुई थी और कुल आयात 20 हजार टन का हुआ था। फिर दिसंबर माह में आयात में 14 हजार टन की कमी आई। कीमतों में और कमी आने की उम्मीद लगाए लोगों ने इसकी खरीदारी कम की जिसकी वजह से आयात में कमी आई। अभी एक टन स्टेनलेस स्टील की कीमत 1.18 लाख रुपए है जबकि नवंबर माह में इसकी कीमत 1.45 लाख रुपए थी।
एक जानकार ने बताया कि दिसंबर अंत में कीमतों में स्थिरता आ रही थी परंतु बाद में कीमतों में परिवर्तन से इसके कारोबार में असर पड़ा।
जिंदल स्टेनलेस के भारी व एकतरफा कारोबार के बीच स्टेनलेस स्टील के घरेलू उत्पादक इसके आयात शुल्क को वर्तमान के 5 फीसदी से 15 फीसदी तक करने की माँग कर रहे हैं। इसके अलावा लेवी एंटी डंपिंग ड्यूटी की माँग भी कर रहे हैं। आयात के घटने व इसी तरह की स्थिति अभी बने रहने के डर से इस्पात मंत्रालय कारोबार बढ़ाने के लिए कोई उचित कदम उठा सकता है। |