मोबाइल फोन की कॉल दरें और घट सकती हैं क्योंकि सरकार ने नियामक ट्राई से पाँच साल पुराने 30 पैसे प्रति मिनट के टर्मिनेशन शुल्क की समीक्षा करने को कहा है।
टर्मिनेशन शुल्क वह शुल्क है, जिसका भुगतान उस कंपनी द्वारा किया जाता है जिसके नेटवर्क से कॉल शुरू किया जाता है और उस कंपनी को यह शुल्क प्राप्त होता है, जिसके नेटवर्क पर काल खत्म होती है।
उल्लेखनीय है कि मोबाइल फोन के लिए 30 पैसे प्रति मिनट की दर से वसूल किया जाने वाला टर्मिनेशन शुल्क को काफी ज्यादा माना जाता है और नई कंपनियाँ इसे घटाने की माँग कर रही हैं। दूरसंचार मंत्री ए. राजा ने कहा टर्मिनेशन शुल्क घटाने का मामला ट्राई के सुपुर्द किया जा चुका है। उन्हें सिफारिश भेजनी है कि इसे घटाया जा सकता है या नहीं। ट्राई एक सांविधिक निकाय है, जिसे आदेश नहीं दिया जा सकता। ट्राई में मामले पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। |