वैश्विक मंदी से पिछले चार महीनों में शेयर बाजार के नीचे गिरने से प्रवासी भारतीय स्टील उद्योगपति लक्ष्मी मित्तल को 16.6 अरब पौंड का नुकसान हुआ है। द संडे टाइम्स ने दावा किया है कि 58 वर्षीय मित्तल सबसे अधिक नुकसान उठाने वाले 10 धन कुबेरों में सबसे ऊपर हैं, जबकि कुल नुकसान 23 अरब पौंड का हुआ है। अन्य प्रवासी भारतीय धातु उद्यमी अनिल अग्रवाल को भी 2.7 अरब पौंड का नुकसान हुआ है।
मित्तल के घाटे ने 10 नुकसान उठाने वाले लोगों की सूची में शामिल अन्य लोगों को बौना कर दिया है। इनमें न्यूकैसल यूनाइटेड फुटबॉल क्लब और खुदरा कारोबार के स्पोर्ट्स डायरेक्ट के मालिक शामिल हैं।
मित्तल परिवार की आर्सेलर मित्तल में भागीदारी इस साल चार जून के 33.24 अरब पौंड से गिरकर शुक्रवार को बंद हुए बाजार में 16.63 अरब पौंड पर आ गई। यह घाटा एक दिन में 13.7 करोड़ पौंड और एक घंटे में लगभग 60 लाख पौंड के बराबर है। |